Sun. Feb 15th, 2026

 इस मामले में हेड सबसे तेज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बनने का मौका


सिडनी :भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दोनों ही मैचों को अपने नाम करने के साथ सीरीज में पहले ही अजेय बढ़त हासिल कर रखी है। अब दोनों टीमों के बीच इस सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 25 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। इस मुकाबले में एक तरफ जहां सभी की नजरें विराट कोहली पर रहने वाली हैं। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के ओपनिंग बल्लेबाज ट्रैविस हेड जिनका बल्ला शुरुआती 2 मैचों में उम्मीद के अनुसार बोलता हुआ नहीं दिखाई दिया है, उनके पास तीसरे वनडे में एक बड़ा कारनामा करने का मौका रहेगा, जिसमें वह स्टीव स्मिथ के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।

हेड 22 रन बनाते ही इस मामले में बनेंगे सबसे तेज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी
ट्रैविस हेड ने अभी तक वनडे फॉर्मेट में कुल 78 मैच खेले हैं, जिसमें वह 43.16 के औसत से 2978 रन बना चुके हैं। ऐसे में सिडनी के मैदान पर खेले जाने वाले भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में हेड अगर 22 रन और बनाने में कामयाब होते हैं तो वह 3000 वनडे रन पूरे कर लेंगे। ट्रैविस हेड इस मुकाम तक पहुंचने वाले जहां वह 25वें ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बनेंगें तो वहीं स्टीव स्मित के रिकॉर्ड को तोड़ सबसे कम पारियों में तीन हजार वनडे रन पूरे करने वाले ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर भी बन जाएंगे। ट्रैविस हेड ने अभी तक वनडे में 76 पारियों में बल्लेबाजी की है तो वहीं स्टीव स्मिथ ने वनडे में अपने 3000 रनों का आंकड़ा 79 पारियों में पूरा किया था। वहीं इस लिस्ट में माइकल बेवन और जॉर्ज बेली का नाम भी है जिन्होंने 80-80 पारियों में ये कारनामा किया था।

सिडनी में अब तक हेड का दिखा बल्ले से शानदार प्रदर्शन
इंटरनेशनल क्रिकेट में ट्रैविस हेड का जहां एक तरफ भारत के खिलाफ काफी अच्छा रिकॉर्ड देखने को मिलता है तो वहीं दूसरी तरफ सिडनी के मैदान पर हेड का रिकॉर्ड देखा जाए तो वह भी काफी अच्छा है। हेड ने यहां पर तीन वनडे मैचों में खेलते हुए करीब 40 के औसत से 122 रन बनाए हैं। ऐसे में तीसरे वनडे में हेड की नजरें बड़ी पारी खेलने पर होगी ताकि वह पिछले 2 मैचों की अपनी भरपाई कर सके।

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *