हैदराबाद के गाचीबौली इलाके में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई. यहां एटीएम में कैश भरने के लिए ले जाए जा रहे करीब 60 लाख रुपये लेकर कैश मैनेजमेंट सर्विस (CMS) वैन का चालक फरार हो गया. यह घटना गोपनपल्ली गांव स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम सेंटर के पास हुई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
पुलिस के अनुसार, यह रकम एटीएम में डालने के लिए लाई गई थी. शिकायतकर्ता रामकृष्ण ने बताया कि वह अब्दुल मलिक, सिक्योरिटी गार्ड पेरुमल और वैन ड्राइवर अजीत कुमार के साथ गोपनपल्ली स्थित एटीएम पर पहुंचे थे. यहां एटीएम में कैश भरना था.
एटीएम में रिफिल हो रहा था कैश, वैन में रखे थे 60 लाख
रामकृष्ण और अब्दुल मलिक एटीएम कियोस्क के अंदर जाकर चेस्ट बॉक्स में कैश जमा करने लगे, इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड और ड्राइवर बाहर सड़क किनारे CMS वाहन के पास खड़े रहे.

इसी बीच सिक्योरिटी गार्ड कुछ समय के लिए पानी लेने चला गया. पुलिस का कहना है कि इसी मौके का फायदा उठाकर ड्राइवर अजीत कुमार वैन लेकर वहां से फरार हो गया. वाहन में उस समय लगभग 60 लाख रुपये कैश रखे हुए थे.
घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना का पता चलने पर टीम के सदस्यों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. शाम करीब 7:45 बजे शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद गाचीबौली थाना पुलिस करीब 8:05 बजे मौके पर पहुंची और एटीएम सेंटर पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की.
यह भी पढ़ें: 55 लाख कैश लेकर फरार हुआ डिलीवरी पर्सन गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने बरामद की पूरी रकम
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ड्राइवर पिछले छह महीनों से संगम सिक्योरिटीज लिमिटेड नाम की एजेंसी के साथ काम कर रहा था, जो संबंधित बैंक के लिए कैश मैनेजमेंट सर्विस संभालती है. घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन ट्रैक करने में कठिनाई हो रही है.
फरार ड्राइवर की तलाश में लगाई गईं विशेष टीमें
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश में विशेष टीमें लगाई गई हैं. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. वाहन की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी को पकड़कर कैश बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं. मामले की जांच जारी है.
—- समाप्त —-

