Mon. Feb 16th, 2026

बलरामपुर में एसडीएम की टीम पर मारपीट का आरोप, व्यक्ति की मौत


बलरामपुर। बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत हंसपुर गांव में एसडीएम की टीम पर मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। घटना में एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने कहा है कि फिलहाल अभी किसी मामले की पुष्टि नहीं कर सकते है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण और आगे की कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना में घायल आकाश अगरिया (20 वर्ष), निवासी हंसपुर, का इलाज कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

घायल युवक के अनुसार, बीती शाम वह राम नरेश राम (62 वर्ष) और अजीत कुमार (60 वर्ष) के साथ खेत में गेहूं की फसल में पानी देने जा रहा था। उसी दौरान अंधेरे में एक वाहन खड़ा दिखाई दिया, जिसके आगे “एसडीएम” और पीछे “छत्तीसगढ़ शासन” लिखा था।

आकाश का आरोप है कि वाहन से छह से सात लोग उतरे और उनसे पूछताछ के दौरान लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। इस मारपीट में राम नरेश राम गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में तीनों को वाहन से कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में राम नरेश राम ने दम तोड़ दिया।

घटना के संबंध में यह भी चर्चा है कि हंसपुर क्षेत्र में बॉक्साइट के अवैध उत्खनन की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। एक बॉक्साइट से लदे ट्रक को रोककर कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने की सूचना पर एसडीएम और नायब तहसीलदार के हंसपुर पहुंचने की बात सामने आ रही है।

हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इस संबंध में अभी विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संबंधित अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, बताया जा रहा है कि, सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम, नायब तसीलदार एवं उनकी टीम को राजपुर थाने में रखा गया है मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *