गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिला। दोपहर 1:30 बजे तक घरेलू बाजार में चांदी 2,000 रुपये सस्ती होकर 2.61 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई, जबकि सोना 630 रुपये की गिरावट के साथ 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा।
दिन की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। शुरुआती कारोबार में बुलियन बाजार में सोना 660 रुपये टूटकर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। वहीं चांदी 1,200 रुपये फिसलकर 2.62 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी।
हालांकि, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर बाद में रुख बदल गया। यहां चांदी की कीमतों में करीब 4 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और यह 2.62 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। सोने में भी 1,957 रुपये की मजबूती आई और यह 1.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
घरेलू बाजार का हाल
बुधवार को सर्राफा बाजार में जबरदस्त तेजी देखी गई थी। चांदी 4,000 रुपये उछलकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी। वहीं सोना भी मजबूत होकर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार निकल गया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव
वैश्विक बाजार में गुरुवार को हल्की कमजोरी रही। स्पॉट गोल्ड मामूली गिरावट के साथ 5,080 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि स्पॉट सिल्वर 2 प्रतिशत फिसलकर 82.2 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमेरिकी श्रम बाजार के मजबूत आंकड़ों के बाद यह संकेत मिला है कि फेडरल रिजर्व फिलहाल ब्याज दरों में कटौती से बच सकता है। इससे कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
सोना अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर 5,608.35 डॉलर प्रति औंस से करीब 10.4 प्रतिशत नीचे आ चुका है। वहीं चांदी भी अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 121.67 डॉलर प्रति औंस से लगभग 48 प्रतिशत नीचे बनी हुई है।
इससे पहले 30 जनवरी और 2 फरवरी को सोने में लगातार दो कारोबारी सत्रों में तेज गिरावट दर्ज की गई थी। यह गिरावट उस समय आई जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के चेयर पद के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा की थी।
हालांकि हालिया उतार-चढ़ाव के बावजूद, भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के चलते इस साल अब तक सोना करीब 17.5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज कर चुका है।

