Last Updated:

रेवंत रेड्डी ने मुस्लिम आरक्षण को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा. (फाइल फोटो)
हैदराबाद. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने निजामाबाद में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के हमलों का बेहद आक्रामक और बेबाक अंदाज में जवाब दिया है. बीजेपी नेता रामचंदर राव द्वारा उन्हें ‘रेवंतउद्दीन’ कहे जाने पर सीएम रेड्डी ने कहा कि उन्हें इस नाम से पुकारे जाने में कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि उन्हें खुशी होगी. रेवंत रेड्डी ने स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस पार्टी अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए पूरी ताकत से लड़ रही है और मुसलमानों के 4% आरक्षण को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का हवाला देते हुए याद दिलाया कि यह कांग्रेस ही है जिसने देश को मुस्लिम राष्ट्रपति और 7 मुस्लिम मुख्यमंत्री दिए हैं.
‘रेवंतउद्दीन कहो या रेवंत सिंह, मुझे सब कबूल है’
बीजेपी नेता के तंज पर पलटवार करते हुए रेवंत रेड्डी ने अपनी धर्मनिरपेक्ष छवि पेश की. उन्होंने कहा, ‘आज अगर कोई मुस्लिम भाई मुझे रेवंतउद्दीन कहता है, तो मैं इसे खुशी-खुशी स्वीकार करूंगा.’ उन्होंने बीजेपी नेता रामचंदर राव को संबोधित करते हुए कहा, ‘आपने मुझे रेवंतउद्दीन कहा. मुझे कोई दिक्कत नहीं है. यह रेवंत गौड़, रेवंत मादिगा (SC), रेवंत मुदिराज, रेवंत सिंह या रेवंतउद्दीन हो सकता है. मुझे कोई आपत्ति नहीं है.’
‘अजहरुद्दीन को जल्द बनाएंगे MLC’
रेवंत रेड्डी ने पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन को लेकर भी बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द अजहरुद्दीन को एमएलसी (MLC) का पद दिया जाएगा. सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने बिना विधायक या एमएलसी रहे अजहरुद्दीन को मंत्री बनाया था. हमने पार्टी में अल्पसंख्यकों को उनका पूरा हक दिया है.
‘मुसलमानों ने जो मांगा, कांग्रेस ने दिया’
सीएम ने अल्पसंख्यकों के लिए कांग्रेस के योगदान को गिनाते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा समुदाय का साथ दिया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार अल्पसंख्यकों के लिए पहले से दिए गए 4% आरक्षण को बचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है. रेड्डी ने कहा, ‘कांग्रेस ने देश को एक मुस्लिम राष्ट्रपति दिया. कांग्रेस ने 7 मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाए. जब भी मुसलमानों ने कुछ चाहा, कांग्रेस ने उसे पूरा किया.’
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

