Sun. Feb 15th, 2026

हैदराबाद रमजान खजूर बाजार | Foreign Dates in Hyderabad Ramadan Market


होमताजा खबरदेश

हैदराबाद के बाजारों में सजी खजूरों की महक, कहीं आप भी तो नहीं खरीद रहे पुराने

Last Updated:

Hyderabad Ramadan Market: रमजान के मद्देनजर हैदराबाद के बाजारों में 35 किस्मों के विदेशी खजूर पहुंच चुके हैं. सऊदी अरब और जॉर्डन के खजूरों की भारी मांग है. स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहते हुए ग्राहकों को पुराने और एक्सपायर्ड स्टॉक से बचने के लिए रंग, गंध और कीड़ों की जांच करने की सलाह दी गई है.

ख़बरें फटाफट

हैदराबाद. इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र महीने रमजान के आगाज़ में अब बस कुछ ही दिन शेष हैं. इस खास और रूहानी मौके के लिए हैदराबाद के ऐतिहासिक बाजार पूरी तरह सज चुके हैं. शहर के चारों तरफ मध्य पूर्वी देशों से आयातित खजूरों की महक और रौनक दिखाई दे रही है. शहर के खुदरा और थोक बाजारों में इस समय खजूर की भारी मांग देखी जा रही है. मुस्लिम समुदाय में खजूर से रोज़ा खोलना एक सुन्नत और अनिवार्य परंपरा मानी जाती है.

स्थानीय विक्रेताओं के अनुसार, इस साल बाजार में 30 से 35 किस्मों के खजूर उपलब्ध हैं. इनमें मुख्य रूप से सऊदी अरब, ईरान, इराक, मिस्र, जॉर्डन, ट्यूनीशिया, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान जैसे देशों से आई किस्में शामिल हैं. ग्राहकों के बीच अजवा, अंबर, मेडजूल, मबरूम, सगाई, सफावी, सुक्कारी, रुतब और मजबूर जैसी वैराइटी की सबसे ज्यादा मांग है. यही कारण है कि हैदराबाद के चारमीनार, मोजमजाही मार्केट और पुराने शहर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है.

कीमतों पर वैश्विक हालातों का असर
ईरान की आंतरिक अशांति और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में उतार-चढ़ाव के कारण कुछ किस्मों की कीमतों में मामूली वृद्धि हुई है. हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि कुल मिलाकर दरों में वृद्धि बहुत कम है. कुछ विशेष किस्मों के मामलों में तो पिछले साल के मुकाबले कीमतों में गिरावट भी देखी गई है. यह आम लोगों के लिए राहत की बात है कि वे अपनी पसंद के विदेशी खजूर वाजिब दामों पर खरीद पा रहे हैं.

खरीदारी में बरतें सावधानी
चूंकि खजूर का व्यापार काफी हद तक मौसमी होता है, इसलिए कई व्यापारी साल में केवल दो महीने ही सक्रिय होते हैं. ऐसे में कुछ मुनाफाखोर व्यापारी पिछले साल के पुराने या एक्सपायर हो चुके खजूरों को दोबारा पैक करके बेच देते हैं. बिना उचित रखरखाव और कोल्ड स्टोरेज के रखे जाने के कारण ये खजूर सेहत के लिए हानिकारक हो सकते हैं. उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदारी करें और गुणवत्ता की जांच जरूर करें.

खजूर खरीदते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान

  • रंग और सतह की जांच: सबसे पहले देखें कि खजूर का रंग असामान्य रूप से गहरा या बदला हुआ तो नहीं है. साथ ही, उसकी सतह पर सफेद फफूंदी की जांच जरूर करें.
  • प्राकृतिक खुशबू: ताजे खजूर की अपनी एक प्राकृतिक खुशबू होती है. यदि खजूर से किसी भी तरह की खट्टी या अजीब दुर्गंध आ रही है, तो उसे बिल्कुल न खरीदें.
  • भीतर की सफाई: खजूर को खरीदने या खाने से पहले उसे बीच से तोड़कर जरूर देखें. जांचें कि कहीं उसमें छोटे कीड़े या उनका पाउडर तो नहीं है. रमजान के इस बरकत वाले महीने में अपनी सेहत का ख्याल रखते हुए सही और शुद्ध खजूर का चुनाव करें.

About the Author

authorimg

vicky Rathore

Vicky Rathore is a multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience in digital media, social media management, video production, editing, content writing, and graphic, A MAJMC gra…और पढ़ें

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *