Last Updated:
मनोज सिन्हा ने कटरा में श्री शंकराचार्य मंदिर निर्माण पुनःआरंभ कार्यक्रम में भाग लिया. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने 35 साल बाद यह परियोजना शुरू की है. इस मंदिर के बनने से कटरा में धार्मिक पर्यटन को बढावा मिलेगा.

पूजा अर्चना कर एलडी मनोज सिन्हा ने मंदिर के पुर्ननिर्माण की शुरुआत करवाई.
कटरा बंद के माहौल के बावजूद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शंकराचार्य मंदिर के निर्माण पुनःआरंभ कार्यक्रम में शिरकत की. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा संचालित इस परियोजना के तहत करीब 35 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद मंदिर का निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो गया है. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की हालिया बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे, जिनमें कटरा में श्री शंकराचार्य जी मंदिर एवं संबद्ध सुविधाओं का निर्माण शामिल था.
यह परियोजना 1967 में शुरू हुई थी, लेकिन 1990 के दशक से विभिन्न कारणों से कार्य ठप पड़ा रहा. कई बार संकट के बादल छाए, जिससे निर्माण लंबे समय तक रुका रहा. अब श्राइन बोर्ड ने इसे पुनर्जीवित किया है, जो कटरा को एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि कटरा के व्यापार और श्रद्धालुओं की आवाजाही किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए. उन्होंने विकास कार्यों के साथ स्थानीय व्यापारियों के हितों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया. सिन्हा ने कहा कि श्राइन बोर्ड का संकल्प है कि कटरा को स्वच्छ, जीवंत और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाए, ताकि स्थानीय निवासी और लाखों यात्री लाभान्वित हों.
कटरा में बंद का आह्वान
यह बयान कटरा में चल रहे बंद के संदर्भ में महत्वपूर्ण है, जहां स्थानीय व्यापारी और अन्य मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे थे.कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की थी. क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए और यातायात तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया. उपराज्यपाल के दौरे से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया, क्योंकि यह मंदिर निर्माण का ऐतिहासिक पुनःआरंभ है.
श्राइन बोर्ड ने बैठक में अन्य परियोजनाओं की भी समीक्षा की, जैसे भवन में एग्जिट ट्रैक, न्यू वैष्णवी भवन, यात्रा ट्रैक का विस्तार, स्लोप स्थिरीकरण कार्य और जम्मू में दिव्यांगजन स्कूल. साथ ही, कटरा में शक्ति म्यूजियम, लाइट एंड साउंड शो जैसी सुविधाओं को मंजूरी दी गई है.

