Sun. Feb 15th, 2026

गर्भवती महिला की मौत पर चक्काजाम, समझौते के बाद खुला मार्ग, 2.15 लाख मुआवजा तय


कोरबा। हरदीबाजार क्षेत्र में वाहन चालक की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा किया गया चक्काजाम शनिवार देर रात करीब 12 बजे समाप्त हुआ। प्रशासन और वाहन मालिक की मौजूदगी में कुल 2 लाख 15 हजार रुपये का फौरी मुआवजा देने पर सहमति बनी, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म कर आवागमन बहाल किया गया।

घटना मुड़पार बाजार क्षेत्र में भोलाराम सूर्यवंशी के घर के पास हुई। जानकारी के अनुसार बुडग़हन मार्ग की ओर जा रहा एक हाईवा वाहन अचानक गलत दिशा में मुड़ा और अनियंत्रित होकर घर में जा घुसा। उस समय घर के पास बर्तन मांज रही गर्भवती महिला शशि सूर्यवंशी वाहन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

चक्काजाम के चलते दोनों ओर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर डटे रहे। क्षेत्र के सीएसपी विमल पाठक, तहसीलदार राजभानू सहित हरदीबाजार, कुसमुंडा और दीपका थाना प्रभारियों ने मोर्चा संभाला और ग्रामीणों से लगातार चर्चा की।

लंबी वार्ता के बाद वाहन मालिक ने मृतका के परिजनों को 2 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई। वहीं प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार के लिए 15 हजार रुपये तत्काल सहायता प्रदान की गई। इस प्रस्ताव को परिजनों और ग्रामीणों ने स्वीकार कर लिया, जिसके बाद देर रात चक्काजाम समाप्त कर दिया गया।

प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि मृतका के जीवन बीमा क्लेम की प्रक्रिया में हर संभव सहयोग दिया जाएगा। रोजगार या अन्य सहायता को लेकर मौके पर कोई निर्णय नहीं हो सका। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *