Sun. Feb 8th, 2026

पुरानी रंजिश में युवक की धारदार हथियार से हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार – realtimes


जांजगीर-चांपा। जिले में पुरानी रंजिश के चलते हुए हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने रविवार काे खुलासा करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिताें के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो धारदार चाकू एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

हत्या के बाद फरार आरोपिताें में से एक ने फरारी के दौरान एक अन्य व्यक्ति पर भी हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला किया था, जिसके संबंध में पृथक से हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर की गई।

घटना की रिपोर्ट पीड़ित राकेश सूर्यवंशी निवासी सिवनी नैला द्वारा 8 फरवरी 2026 को थाना में दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका छोटा भाई रोशन सूर्यवंशी उर्फ छोटे, जो टेंट का काम करता था, 7 फरवरी 2026 को गांव में काम कर शाम को घर लौटा था। रात्रि लगभग 10 बजे वह अपने दोस्त परमेश्वर चौहान के साथ तालाब की ओर घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था।

रात्रि करीब 11 बजे परमेश्वर चौहान ने सूचना दी कि अम्हातालाब के पास नशा करने की बात को लेकर रोशन सूर्यवंशी का आशीष सूर्यवंशी एवं अतुल महंत के साथ विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों आरोपिताें ने धारदार हथियार से पेट में प्राणघातक हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल रोशन सूर्यवंशी को परिजनों द्वारा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में आशीष सूर्यवंशी उर्फ आशीष प्रधान एवं अतुल महंत के विरुद्ध हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए थे। फरारी के दौरान 8 फरवरी 2026 को आरोपी आशीष सूर्यवंशी ने नैला निवासी यशवंत यादव के साथ गाली-गलौज कर हत्या की नीयत से धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल को परिजनों एवं आसपास के लोगों द्वारा उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में प्रार्थी मनोज कुमार यादव की रिपोर्ट पर आशीष सूर्यवंशी के विरुद्ध हत्या के प्रयास का पृथक मामला दर्ज किया गया। अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को अवगत कराया गया।

अधिकारियों के निर्देश पर साइबर थाना, कोतवाली थाना एवं नैला चौकी की संयुक्त टीम गठित कर आरोपिताें की तलाश की गई। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपिताें ने अपराध स्वीकार किया, जिनके कब्जे से दो धारदार चाकू जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपिताें में अतुल महंत (19 वर्ष) निवासी ग्राम कन्हाईबंद वार्ड नंबर 15 चौकी नैला एवं आशीष सूर्यवंशी (22 वर्ष) निवासी भाठापारा वार्ड क्रमांक 1 नैला शामिल हैं। दोनों आरोपिताें को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *