कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया का हेलीकॉप्टर रविवार को रायचूर जिले में अचानक ‘गायब’ हो गया. हेलीपेड के पास पूरा सरकारी अमला सीएम का इंतजार कर रहा था. डीसी, एसपी और तमाम आला अधिकारियों को जानकारी मिली कि सीएम का चॉपर लैंड हो चुके हैं लेकिन सीएम का प्लेन तो आया ही नहीं था. यह सुनकर हर कोई सन्न रह गया. बेंगलुरु से रायचूर तक सीनियर अफसरों की फोन की घंटी बजने लगी. सब यह जानना चाहते थे कि आखिरी सीएम गए तो गए कहां. न्यूज18 कर्नाटक की खबर के मुताबिक थोड़ी देर बाद पता चला कि सीएम का प्लेन गलत लैंडिंग कर बैठा है. हेलीकॉप्टर हवा में रास्ता भटक गया. मुख्यमंत्री का चौपर तय जगह के बजाय बीजेपी विधायक के निजी हेलीपैड पर जा उतरा. इस घटना के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल और प्रोटोकॉल मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
निर्धारित हेलीपैड पर था डिप्टी सीएम का कब्जा?
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पूर्व मंत्री अमरगौड़ा पाटिल बय्यापुर के पोते की शादी में शामिल होने के लिए लिंगसुगुर पहुंचे थे. प्रशासन ने रायचूर रोड स्थित श्रीनिवास लेआउट में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के लिए एक विशेष हेलीपैड तैयार किया था. जिला प्रशासन और पुलिस बल रेड कार्पेट बिछाकर सीएम के स्वागत की तैयारी में खड़ा था.
पायलट ने बदला हेलीपैड
तभी सूचना मिली कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर वहां उतरने के बजाय बीजेपी विधायक मनप्पा वज्जल के निजी हेलीपैड पर लैंड कर गया है. सियासी गलियारों में चर्चा है कि जब मुख्यमंत्री के पायलट को पता चला कि निर्धारित हेलीपैड पर डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार का हेलीकॉप्टर पहले से मौजूद है, तो डायवर्जन का फैसला लिया गया.
अफसरों की लग गई दौड़
जैसे ही सीएम की दूसरी जगह लैंडिंग की खबर मिली कार्यक्रम स्थल पर मौजूद डीसी और एसपी के हाथ-पांव फूल गए. पूरा प्रशासनिक लवाजमा आनन-फानन में वाहनों के साथ बीजेपी विधायक के हेलीपैड की ओर दौड़ा. सुरक्षा घेरा तैयार न होने के कारण कुछ समय के लिए वहां भ्रम की स्थिति बनी रही. अधिकारियों के लिए यह स्थिति बेहद थका देने वाली और शर्मिंदगी भरी रही क्योंकि वे घंटों से गलत जगह पर तैनात थे.
प्रशासनिक तालमेल की कमी
लिंगसुगुर में हुई इस घटना ने कर्नाटक सरकार के भीतर समन्वय की कमी को उजागर कर दिया है. सवाल उठ रहे हैं कि क्या सीएम और डिप्टी सीएम के हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग का समय और स्थान पहले से स्पष्ट नहीं था? मुख्यमंत्री का एक बीजेपी नेता के निजी परिसर में उतरना भी चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि, विधायक मनप्पा वज्जल के समर्थकों ने इसे संयोग बताया है.
5 बड़े सवाल
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया रायचूर के लिंगसुगुर क्यों आए थे?
मुख्यमंत्री पूर्व मंत्री अमरगौड़ा पाटिल बय्यापुर के पोते के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आए थे.
लैंडिंग के दौरान भ्रम की स्थिति क्यों पैदा हुई?
सीएम का हेलीकॉप्टर निर्धारित सरकारी हेलीपैड के बजाय गलती से बीजेपी विधायक मनप्पा वज्जल के निजी हेलीपैड पर लैंड कर गया.
क्या डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार भी वहां मौजूद थे?
हां, डिप्टी सीएम पहले ही निर्धारित हेलीपैड पर उतर चुके थे. कहा जा रहा है कि वहां जगह की कमी या सूचना के अभाव में सीएम का हेलीकॉप्टर डायवर्ट हुआ.
इस घटना का जिला प्रशासन पर क्या असर पड़ा?
डीसी, एसपी और पुलिस बल को अचानक स्थान बदलना पड़ा, जिससे काफी अफरा-तफरी मची और अधिकारी बुरी तरह परेशान हुए.
हेलीकॉप्टर कहां लैंड होना था और कहां हुआ?
हेलीकॉप्टर को श्रीनिवास लेआउट स्थित हेलीपैड पर उतरना था, लेकिन वह लिंगसुगुर स्थित बीजेपी विधायक के निजी परिसर में उतरा.

