दिल्ली का रोहिणी इलाका सनसनीखेज वारदात से दहल उठा है. यहां विजय विहार इलाके में एक नाबालिग लड़के की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी. यह पूरी वारदात महज एक टोपी के पीछे शुरू हुई कहासुनी के दौरान अंजाम दी गई. इसके बाद आरोपियों ने ऐसी साजिश रची कि घायल लड़के ने मरने से पहले तक असली कारण किसी को नहीं बताया, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी पलट कर रख दी.
पुलिस जांच में सामने आया कि यह खूनी खेल 11 फरवरी को शुरू हुआ था. पीड़ित और आरोपी नाबालिग एक ही बिल्डिंग में रहते थे और आपस में दोस्त थे. उस दिन तीनों छत पर बैठे थे, तभी एक आरोपी ने पीड़ित की टोपी छीन ली. जब पीड़ित ने अपनी टोपी वापस मांगी, तो आरोपी ने इनकार कर दिया. देखते ही देखते मामूली बहस गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गई. जो बहुत जल्द उग्र हो गई.
आरोप है कि झगड़े के दौरान गुस्साए आरोपी ने दूसरे नाबालिग दोस्त से पीड़ित को कसकर पकड़ने को कहा. जैसे ही उसने पीड़ित को पकड़ा, मुख्य आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. खून से लथपथ दोस्त को देखकर आरोपी घबरा गए, लेकिन उन्होंने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय धमकाना शुरू कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों नाबालिगों ने घायल लड़के को बुरी तरह डराया.
आरोपियों ने पीड़ित बच्चे को धमकाया
आरोपियों ने उसे धमकी दी कि वह इस घटना के बारे में किसी को न बताए. आरोपियों ने उससे कहा कि वो सबको यह बताए कि घर की छत से लोहे की रॉड पर गिर गया था. इलाज का भरोसा देकर उसे चुप करा दिया गया. डर के मारे पीड़ित ने अपने परिवार और अस्पताल में डॉक्टरों को भी यही मनगढ़ंत कहानी सुनाई. 11 फरवरी को उसे बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया. 13 फरवरी को उसकी मौत हो गई.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोल दिया राज
शुरू में इसे एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन 14 फरवरी को जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई, तो पुलिस के होश उड़ गए. रिपोर्ट में साफ हुआ कि घाव किसी रॉड से गिरने के नहीं, बल्कि धारदार हथियार से किए गए वार के थे. इसके बाद विजय विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं केस दर्ज किया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया.
एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
हिरासत में लिए गए नाबालिग आरोपी ने पूछताछ के दौरान पूरी वारदात का खुलासा कर दिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस अब मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है, जो अपने परिवार के साथ फरार बताया जा रहा है. पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना कर अहम सबूत जुटाए हैं. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है.
—- समाप्त —-

