Thu. Feb 12th, 2026

शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को आज गुरुवार काे जांजगीर-चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

आरोपित के खिलाफ धारा 420 और 34 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार पीड़ित भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा, सक्ती ने 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह पेशे से एकाउंटेंट है और उसकी पहचान वर्ष 2021 में कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से मेदी लाल देवांगन के माध्यम से हुई थी।

आरोपित ने शेयर मार्केट में पैसा निवेश कराने पर अधिक मुनाफा और प्रति माह पांच प्रतिशत ब्याज का लालच दिया। साथ ही अधिक लोगों को निवेश के लिए जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का भी प्रलोभन दिया। झांसे में आकर पीड़ित और अन्य लोगों ने मिलकर कुल आठ करोड़ 45 लाख रुपये नकद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से निवेश कर दिए।

शुरुआत में कुछ निवेशकों को एक से आठ माह तक पांच प्रतिशत ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में आरोपित टालमटोल करने लगा और कंपनी में घाटा बताकर रकम लौटाने का झूठा आश्वासन देता रहा। शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 35/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के जिला नदिया, थाना कोतवाली कृष्णानगर क्षेत्र अंतर्गत ईटला पोडा पारा, पोस्ट कालीघाट से आरोपित विश्वजीत देबनाथ को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने निवेश की रकम से क्रेटा कार खरीदना, सोना लेना, घर का रंगरोगन कराना और सोना आईडीबीआई बैंक में रखना स्वीकार किया।

घर के दस्तावेज भी अलमारी में रखने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से क्रेटा कार सहित बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज, कार्ड, पहचान पत्र, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। आरोपित को विधिवत पुलिस रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा रही है।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *