राजिम। गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में सड़क किनारे नहर के पास आज शनिवार काे एक युवती की सड़ी-गली लाश मिली है। शव से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद पास जाकर देखने पर नहर किनारे युवती का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू ने बताया कि श्यामनगर-देवरी मार्ग पर युवती की लाश मिली है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों से उन्हें सूचना मिली कि क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से तेज बदबू आ रही थी। आज सुबह कुछ ग्रामीणों ने बदबू के स्रोत की तलाश की तो नहर किनारे झाड़ियों के पास एक शव दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में की है। बताया जा रहा है कि चंचल 30 जनवरी से बिना बताए घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी।
शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवती के कॉल डिटेल्स सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

