Last Updated:
Amit Shah BSF News: अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बल के जवानों से कहा कि वे चाहे सीमा पर तैनात हों, मणिपुर के दुर्गम क्षेत्र में या फिर ओडिशा और छत्तीसगढ़ के माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हों, बीएसएफ ने हर जगह अपनी वीरता का परचम लहराया है. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय, खासकर पंजाब में, बीएसएफ ने मानवता और जनता के प्रति गहरी संवेदना का अद्भुत प्रदर्शन किया.

अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित गुरनाम बॉर्डर आउट पोस्ट का दौरा किया.
जम्मू. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को जम्मू में भारत-पाकिस्तान सीमा पर पहुंचकर दुश्मनों को कड़ा संदेश दिया है. ‘बॉर्डर आउट पोस्ट’ (BOP) गुरनाम और बोबिया का दौरा करते हुए शाह ने साफ कहा कि बीएसएफ (BSF) देश की सीमाओं पर एक ‘अभेद्य दीवार’ की तरह खड़ी है, जिसे पार करना किसी के बस की बात नहीं. गृह मंत्री ने न केवल जवानों के शौर्य को सलाम किया, बल्कि सीमा सुरक्षा को हाईटेक बनाने और जवानों की सुविधाओं के लिए खजाना भी खोल दिया. उन्होंने 242 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और 7 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया.
‘118 पाकिस्तानी पोस्ट कर दी थीं ध्वस्त’
अमित शाह ने बीएसएफ के इतिहास के उस सुनहरे पन्ने को याद किया जब भारतीय जवानों ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था. शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि बीएसएफ ने 118 पाकिस्तानी पोस्टों और 3 आतंकी लॉन्च पैड्स को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया था. इस कार्रवाई में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज अहमद और सिपाही दीपक चिंखाम को वीर चक्र से सम्मानित किया गया, जो गर्व की बात है. चाहे कच्छ का रेगिस्तान हो, कश्मीर की बर्फ हो, मणिपुर के हालात हों या नक्सलियों का गढ़ – बीएसएफ ने हर जगह अपनी वीरता का लोहा मनवाया है.
आधुनिकता का दौर: 61वां साल होगा गेम-चेंजर
गृह मंत्री ने स्वीकार किया कि 60 साल पहले की चुनौतियां अब बदल चुकी हैं. अब लड़ाई सिर्फ हथियारों की नहीं, तकनीक की भी है. शाह ने कहा कि अब चुनौतियां तकनीकी हैं, इसलिए हम सीमा सुरक्षा को हाईटेक बना रहे हैं. बीएसएफ का 61वां साल ‘आधुनिकीकरण और कल्याण’ का वर्ष होगा. सरकार बहुत जल्द जवानों के लिए एक ‘विशेष कल्याण योजना’ लाने वाली है. 242 करोड़ की लागत से बॉर्डर का इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारा जाएगा ताकि जवानों को ड्यूटी निभाने में आसानी हो.
जवानों के साथ खाया खाना, पंजाब बाढ़ का भी जिक्र
अमित शाह ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए जवानों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन भी किया. उन्होंने पंजाब बाढ़ के दौरान बीएसएफ के मानवीय चेहरे की भी तारीफ की. शाह ने बताया कि पंजाब सीएम ने खुद कहा था कि अगर बाढ़ में बीएसएफ नहीं होती तो मुश्किलें कई गुना बढ़ जातीं. शाह ने 7 करोड़ रुपये के सोलर वॉटर हीटर, सोलर पावर प्लांट और ऑफिसर्स मेस का उद्घाटन किया.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

