Fri. Feb 6th, 2026

7 साल का रिश्ता, 5 मिनट की आखिरी बातचीत और… गर्लफ्रेंड के जाते ही युवक ने दी जान – jhansi breakup girlfriend last meeting youth suicide lclcn


उत्तर प्रदेश के झांसी में 7–8 साल से गर्लफ्रेंड के साथ रिश्ते में रह रहे एक युवक ने ब्रेकअप से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव गेट के बाहर की है. युवक ने आत्महत्या से पहले आखिरी बार अपनी गर्लफ्रेंड को घर बुलाकर बातचीत की थी. उसके जाने के कुछ देर बाद युवक ने फांसी लगा ली.

जब गर्लफ्रेंड पर्स लेने दोबारा घर लौटी तो युवक को फंदे पर लटका देखा. घबराकर उसने युवक को नीचे उतारा और दोस्तों को सूचना दी. इसके बाद युवक को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मृतक की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें: 6 साल में तीन शादियां, दहेज लेकर पत्नियों को छोड़ा, झांसी से सामने आई लुटेरे दूल्हे की कहानी

7- 8 साल पुराना रिश्ता, लिव-इन तक पहुंचा प्यार

मृतक की पहचान 21 वर्षीय तुषार पाखरे के रूप में हुई है. वह झांसी के बड़ागांव गेट बाहर रहता था और एक स्टूडियो लैब में काम करता था. तुषार की बहन पूजा ने बताया कि परिवार पहले ओरछा गेट इलाके में रहता था. वहीं पड़ोस में रहने वाली लड़की से तुषार की दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. दोनों शादी करने की बात भी करते थे.

कुछ साल पहले परिवार ने पुराना घर बेच दिया और बड़ागांव गेट के बाहर रहने लगा. यहां सुविधाएं पहले जैसी नहीं थीं. इसी बात को लेकर तुषार और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच विवाद बढ़ने लगा. लड़की लग्जरी लाइफ चाहती थी, जबकि तुषार समय मांग रहा था. इसी वजह से गर्लफ्रेंड ने शादी से इनकार कर ब्रेकअप कर लिया.

आखिरी मुलाकात और मौत का फैसला

परिजनों के अनुसार, ब्रेकअप के बाद तुषार काफी परेशान रहने लगा था. गुरुवार सुबह उसने अपने दोस्त के जरिए गर्लफ्रेंड को घर बुलवाया. दोनों के बीच आखिरी बार बातचीत हुई. बातचीत के बाद गर्लफ्रेंड वहां से चली गई. उसके जाने के कुछ देर बाद ही तुषार ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

गर्लफ्रेंड जाते समय अपना पर्स भूल गई थी. पर्स लेने जब वह दोबारा लौटी तो तुषार को फंदे पर लटका देखा. उसने खुद ही तुषार को नीचे उतारा और दोस्तों को फोन कर बुलाया. दोस्त मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस बुलाकर उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

परिवार का आरोप, कार्रवाई की मांग

मृतक की बहन पूजा ने बताया कि तुषार उसी लड़की से शादी करना चाहता था और किसी और के बारे में सोच भी नहीं सकता था. परिवार का आरोप है कि गर्लफ्रेंड के फैसले ने तुषार को मानसिक रूप से तोड़ दिया. बहन ने मांग की है कि मामले में लड़की के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि आगे किसी और की जिंदगी इस तरह बर्बाद न हो.

दोस्तों रिषी तिवारी का कहना है कि तुषार अंदर ही अंदर काफी तनाव में था, लेकिन उसने कभी खुलकर किसी से अपनी परेशानी नहीं बताई. घटना के बाद मोहल्ले में भी शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है.

पुलिस बोली-पोस्टमार्टम के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी विद्या सागर ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

—- समाप्त —-

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *