बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में में बीती रात नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतकों की पहचान रवि कट्टम (25 वर्ष) और तिरुपति सोढ़ी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक तिरुपति का भाई सीआरपीएफ में जवान है। पुलिस ने आशंका जताई है कि नक्सलियों ने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही उसूर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच के साथ ही पुलिस और सुरक्षा बलों ने आस-पास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं। इस नक्सली हत्या की वारदात के बाद से इलाके में दहशत व्याप्त है। बीजापुर के एएसपी चंद्रकांत गवर्णा ने शनिवार को बताया कि उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेलाकांकेर गांव में शुक्रवार की रात नक्सली दोनों के घरों में घुसे और धारदार हथियारों से हमला करके उनकी हत्या कर वहां से भाग निकले।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद सुरक्षा बलों की गश्त और सर्च आॅपरेशन तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों को पकड़ने के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है।

