Tue. Feb 3rd, 2026

IMD Weather Alert Today | IMD Alert on Western Disturbance | IMD Aaj Ka Mausam | उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर, बारिश-बर्फबारी पर IMD का अलर्ट


उत्तर और मध्य भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसका असर अगले कुछ दिनों तक देश के बड़े हिस्से में देखने को मिलेगा. इस सिस्टम के चलते पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज़ हवाएं, गरज-चमक और घने कोहरे की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, पंजाब से लेकर उत्तर प्रदेश तक 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कुछ जगहों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

सोमवार सुबह दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई. हालांकि, राजधानी में वायु गुणवत्ता में हल्का सुधार दर्ज किया गया और औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा. इसके बावजूद दृश्यता में कमी के कारण यातायात और उड़ानों पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है. वहीं आज दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना है.

कश्मीर से उत्तराखंड तक बर्फबारी का अनुमान

IMD के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 3 फरवरी को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में ताजी बर्फबारी की संभावना है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.

मैदानी इलाकों में तूफान बारिश

पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भी दिखेगा. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की संभावना है. 3 फरवरी को उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और उत्तर मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे (कुछ जगहों पर 50 किमी प्रति घंटे तक) की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इससे दिन के तापमान में गिरावट और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है.

घना कोहरा बना रहेगा चुनौती

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 3 से 5 फरवरी के बीच कई राज्यों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है. पंजाब में 3 फरवरी तक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 फरवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 और 4 फरवरी को घना कोहरा रहने की संभावना है. इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, उत्तर मध्य प्रदेश, दिल्ली, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी घने कोहरे की स्थिति बन सकती है.

पहाड़ी इलाकों में खासकर ऊंचे दर्रों और पर्वतीय मार्गों पर बर्फबारी से सड़क संपर्क प्रभावित हो सकता है. पर्यटकों और स्थानीय लोगों को यात्रा से पहले मौसम अपडेट और स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने की अपील की गई है. किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद हो सकती है, लेकिन उन्हें फसल संबंधी गतिविधियों की योजना सावधानी से बनाने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी करता रहेगा. लोगों से अपील है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्क रहें.

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *