Sat. Feb 7th, 2026

 होटल में फायरिंग की अफवाह से हड़कंप, पुलिस ने घटना से किया इनकार, जांच जारी


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर शहर के बीचों-बीच स्थित देव होटल में कथित फायरिंग की सूचना से शुक्रवार शाम इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि होटल परिसर के भीतर गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी. मामला अंबिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि, देव होटल के अंदर दो बार गोली चलने जैसी आवाज आई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने इसे हवाई फायरिंग बताया और घटना की सूचना अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस को दी। घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल बना रहा और लोगों में चर्चा तेज हो गई कि होटल के भीतर फायरिंग हुई है।

इस कथित घटना के बाद शहर में पहले से चर्चित दो गुटों के बीच हुए पुराने विवाद की बातें भी फिर से सामने आने लगीं. बताया जा रहा है कि पूर्व में भी दो गुटों के बीच विवाद हो चुका है, जिसके चलते अब लोग इस फायरिंग की घटना को उसी विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।

देव होटल के पास दुकान संचालित करने वाले अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें दो बार तेज आवाज सुनाई दी। उन्होंने कहा कि पहली नजर में ऐसा लगा जैसे किसी ने पटाखा फोड़ा हो, लेकिन आवाज फायरिंग जैसी थी और दो बार सुनाई दी।

हालांकि पुलिस प्रशासन ने फिलहाल फायरिंग की घटना से इनकार किया है। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि, पुलिस को सूचना मिली थी कि देव होटल के पास फायरिंग हुई है, जिसके बाद सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। होटल संचालक के परिजनों से बातचीत की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि होटल में फायरिंग जैसी कोई घटना नहीं हुई है।

एएसपी ने बताया कि, होटल संचालक के परिजनों के अनुसार वे शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच बनारस रोड से लौट रहे थे, उसी दौरान तीन-चार गाड़ियों में कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक करने का प्रयास किया था। इसके बाद फायरिंग की सूचना सामने आई, लेकिन उनके परिजनों ने होटल परिसर में गोली चलने की घटना से इनकार किया है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा सबसे पहले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी। साथ ही जिन लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनने की बात कही है, उनसे भी गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अम्बिकापुर शहर में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *