नई दिल्ली. भारतीय रेलवे (IRCTC) ने धर्म और पर्यटन के प्रेमियों के लिए एक शानदार सौगात पेश की है. ‘भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन’ (Bharat Gaurav Deluxe Tourist Train) के जरिए अब आप पूर्वी भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कर सकेंगे. यह विशेष ट्रेन 09 मार्च 2026 को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी. 10 दिनों की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे.
4 राज्य, 10 दिन और अद्भुत अनुभव
इस यात्रा का रूट बेहद खास तैयार किया गया है, जिसमें ज्योतिर्लिंग से लेकर शक्तिपीठ और सागर संगम तक शामिल हैं.
काशी और बंगाल: यात्रा की शुरुआत वाराणसी से होगी, जहां काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग और गंगा आरती का अनुभव मिलेगा. इसके बाद ट्रेन पश्चिम बंगाल जाएगी, जहां कोलकाता के कालीघाट, दक्षिणेश्वर काली मंदिर और गंगासागर में पवित्र स्नान का मौका मिलेगा.
ओडिशा और झारखंड: ओडिशा सर्किट में पुरी का श्री जगन्नाथ मंदिर, कोणार्क का सूर्य मंदिर (यूनेस्को धरोहर), धौली शांति स्तूप, उदयगिरि-खंडगिरि गुफाएं और चिलिका झील शामिल हैं. यात्रा का समापन झारखंड के देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम (ज्योतिर्लिंग) के दर्शन के साथ होगा.
होटल जैसा एहसास ट्रेन के अंदर
यह कोई साधारण ट्रेन नहीं है, बल्कि ‘पहियों पर चलता-फिरता होटल’ है. सुविधाएं: ट्रेन में AC-I, AC-II और AC-III श्रेणी के कोच हैं. इसमें 2 रेस्टोरेंट कार (Dining Cars), आधुनिक किचन और शावर क्यूबिकल्स की सुविधा है. यात्रियों को शुद्ध शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा. हर कोच में सुरक्षा गार्ड और एक टूर मैनेजर साथ रहेगा.
पैकेज और किराया
IRCTC ने इस पैकेज को ‘ऑल इनक्लूसिव’ (All-Inclusive) रखा है, यानी इसमें ट्रेन टिकट, होटल में ठहरने, खाने-पीने, दर्शन, बसों से ट्रांसफर और ट्रैवल इंश्योरेंस का खर्च शामिल है.
* 1AC (फर्स्ट एसी): ₹1,06,940 प्रति व्यक्ति
* 2AC (सेकंड एसी): ₹98,925 प्रति व्यक्ति
* 3AC (थर्ड एसी): ₹79,285 प्रति व्यक्ति

