अमर उजाला शतरंज प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले का शुभारंभ शनिवार को होगा। सेक्टर-59 स्थित अमर उजाला कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 63 स्कूलों से चयनित 250 खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
पहले दिन सुबह 10:00 बजे से फिडे के नियमों के तहत रैपिड राउंड प्रारूप में मुकाबले शुरू हो जाएंगे। शतरंज प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 63 स्कूलों के करीब 4,000 विद्यार्थी शामिल हुए थे। प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित की जा रही है।
पहली श्रेणी में 12 वर्ष तक के उम्र और दूसरी श्रेणी में 12 वर्ष से अधिक उम्र के छात्र शामिल हैं। इसमें क्षेत्र के प्रमुख स्कूलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं गौतमबुद्ध नगर चेस एसोसिएशन के सहयोग से प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। एसोसिएशन के इंटरनेशनल आर्बिटर ललित कपूर, संयुक्त सचिव अतुल निगम और सीनियर आर्बिटर की टीम फाइनल मुकाबलों की निगरानी करेगी।
ग्रैंडमास्टर श्रीराम झा होंगे खास मेहमान
ग्रैंड फिनाले के अंतिम दिन रविवार को ग्रैंडमास्टर श्रीराम झा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। श्रीराम शतरंज में अंतरराष्ट्रीय ग्रैंडमास्टर (जीएम) का खिताब हासिल किया है। भारत के 21वें जीएम हैं। श्रीराम एशियाई क्षेत्रीय शतरंज चैंपियन, राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप में रजत भी पदक विजेता रहे हैं। अब तक 74 देशों में आयोजित प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। विभिन्न प्रारूपों में छह बार राष्ट्रीय शतरंज चैंपियन रह चुके हैं।
सात राउंड में होगा मुकाबला
दो दिवसीय ग्रैंड फिनाले में सात राउंड में स्विस सिस्टम के आधार पर मुकाबले होंगे। पहले दिन चार राउंड और दूसरे दिन तीन राउंड में मुकाबले होंगे। प्रत्येक खिलाड़ी को 15 मिनट का समय मिलेगा और हर चाल पर 10 सेकंड अतिरिक्त जोड़े जाएंगे। खिलाड़ियों की पेयरिंग अंक तालिका के आधार पर होगी और बराबरी की स्थिति में टाई ब्रेक का नियम लागू होगा।
दोनों श्रेणियों के 10 खिलाड़ियों को मिलेंगे पुरस्कार
फिनाले के दूसरे दिन रविवार को में दोनों आयु वर्गों के शीर्ष पांच खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम विजेता को 21 हजार, द्वितीय विजेता को 11 हजार, तीसरे स्थान वाले को 5100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही चौथे विजेता को 3100 रुपये व पांचवें विजेता को 2100 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सभी खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।

