भारत और अमेरिका ने शुक्रवार को एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा जारी की। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इसके बारे में दोनों देशों ने कहा कि यह एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में बातचीत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
दोनों देशों की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया है, ‘अमेरिका और भारत इस ढांचे को तुरंत लागू करेंगे और अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे। जिससे संदर्भ की शर्तों में सहमत रोडमैप के अनुरूप पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा किया जा सके।’
ये भी पढ़ें: Recycling Policy: कचरे से संसाधन बनाने की योजना, बजट में रीसाइक्लिंग और सर्कुलर अर्थव्यवस्था पर बड़ा दांव
ट्रंप ने किया था भारत पर टैरिफ घटाने का एलान
यह अंतरिम व्यापार समझौता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से सोमवार को भारत के साथ एक समझौते की घोषणा के बाद आया है। इसके तहत भारत की ओर से रूसी तेल की खरीद रोकने और व्यापार बाधाओं को कम करने के बदले में भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ को 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया जाएगा।
व्यापार समझौते का पहला चरण लगभग तैयार
भारतीय व्यापार मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा था कि वॉशिंगटन और नई दिल्ली के बीच मार्च में एक औपचारिक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिसके बाद भारत अमेरिकी वस्तुओं पर टैरिफ कम करेगा। उन्होंने बताया था कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का पहला चरण लगभग तैयार है। उन्होंने यह भी कहा था कि संयुक्त बयान के बाद इस समझौते को औपचारिक रूप दिया जाएगा और मार्च के मध्य तक फॉर्मल एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी आज जाएंगे मलयेशिया: द्विपक्षीय रिश्ते होंगे मजबूत, ऐतिहासिक स्वागत से रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
मार्च में आ सकता है द्विपक्षीय व्यापार समझौते का कानूनी मसौदा
मंत्री ने यह भी साफ किया था कि संयुक्त बयान के जारी होने के बाद ट्रंप सरकार अमेरिकी टैरिफ को 18 फीसदी तक घटाने के लिए एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी करेगी। वहीं, दोनों देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा जारी होने के बाद इस मामले में तेजी आने की संभावना बढ़ गई है। कहा जा सकता है कि मार्च के महीने में भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते का कानूनी मसौदा सामने आ जाएगा।
अन्य वीडियो

