Sat. Feb 7th, 2026

 पुरानी रंजिश में मारपीट करने वाले चार आरोपित गिरफ्तार, हथियार बरामद


जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ाे चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर आज शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपिताें के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक टांगी और डंडा भी बरामद किया गया है।

मामले की जानकारी के अनुसार ग्राम बैजलपुर निवासी पीड़ित हंषराज कश्यप ने बलौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जनवरी 2026 को गांव में कौशल प्रसाद केवट के घर छट्ठी कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान घर के सामने बाजा बज रहा था, जिसमें गांव के लोग और पीड़ित का परिवार भी नाच रहे थे।

इसी दौरान नाचने की बात को लेकर पीड़ित के परिवार और कौशल प्रसाद के परिवार के लोगों के बीच विवाद और झगड़ा हो गया, जिसे उस समय शांत करा दिया गया था।  रात्रि करीब 8:30 बजे उसी विवाद को लेकर पीड़ित के घर के सामने संदीप केवट और उसके भांजे लोकेश केवट के बीच फिर से झगड़ा और मारपीट शुरू हो गई।

प्रार्थी अपने कमरे से बाहर निकलकर बीच-बचाव करने लगा, तभी लोकेश केवट ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान लोकेश के परिवार के अन्य सदस्य अश्वनी केवट, मनमोहन गांधी, भोला प्रसाद केवट एवं उनके रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और एक राय होकर हाथ-मुक्कों, डंडा और टांगी से प्रार्थी पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में बलौदा पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपिताें ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 118(2), 191(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी केवट उर्फ परमेश्वर (38 वर्ष), मनमोहन गांधी (31 वर्ष), भोला प्रसाद केवट (42 वर्ष) सभी निवासी बैजलपुर थाना बलौदा तथा लोकेश कुमार केवट (21 वर्ष) निवासी पहरिया थाना बलौदा शामिल हैं।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *