मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक शराबी पति ने अपनी बीमार पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. वजह सिर्फ इतनी थी कि पत्नी ने बीमारी के चलते खाना बनाने से मना कर दिया था. यह घटना शनिवार रात करीब 11 बजे मुरार इलाके में हुई.
मुरार सर्कल के सिटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस अतुल सोनी ने बताया कि आरोपी सोनू तोमर नशे की हालत में घर पहुंचा था. उसने अपनी पत्नी से खाना बनाने को कहा, लेकिन तबीयत खराब होने की बात कहते हुए मना कर दिया. पत्नी के इनकार से गुस्साए सोनू तोमर ने आवेश में आकर उसे गोली मार दी.
इसके बाद मौके से बाहर निकल गया. वारदात के समय घर में दंपति की 14 साल की बेटी, 11 साल का बेटा और आरोपी के माता-पिता भी मौजूद थे. इस घटना की जानकारी आरोपी के पिता ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात के बाद सोनू तोमर को बजरिया इलाके में शराब पीते हुए हिरासत में ले लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि उसने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार कहीं फेंक दिया है. पुलिस फिलहाल हथियार की बरामदगी की कोशिश कर रही है.
सोनू तोमर शराब पीने का आदी है. यह भी जांच की जा रही है कि उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है या नहीं. इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
—- समाप्त —-

