श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को बढ़ाते हुए ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले हर तीर्थयात्री का बीमा कवर पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है।
श्राइन बोर्ड ने रविवार को बैठक कर कटड़ा को वैश्विक मानचित्र पर लाने के लिए प्रयासों को मंजूरी दी। साथ ही पिछली बैठक के बाद उठाए गए कदमों की भी समीक्षा की। तीर्थयात्रियों की सेवा में सुधार के लिए अहम एजेंडा मदों को मंजूरी दी गई। इनमें तीर्थयात्रियों का बीमा कवर दोगुना करने के अलावा कटड़ा के नताली में माता वैष्णो देवी को समर्पित एशियन हेरिटेज फाउंडेशन के परामर्श से अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय के निर्माण के लिए प्रारंभिक प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
प्रस्तावित शक्ति संग्रहालय अपनी तरह का पहला होगा और एक धार्मिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में काम करेगा। इसके अतिरिक्त अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो परंपरा और नवाचार के मिश्रण के माध्यम से पौराणिक कथाओं को जीवंत किया जाएगा। एलजी मनोज सिन्हा ने इसके लिए बोर्ड से सुझाव मांगे हैं ताकि परियोजना पर आने वाले महीनों में काम शुरू हो सके। इसे दो साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विकास परियोजनाओं की समीक्षा, समय पर पूरा करने के निर्देश
बैठक में प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं में भवन में एग्जिट ट्रैक का निर्माण, नया वैष्णवी भवन, सांझीछत से भवन तक यात्रा ट्रैक का चौड़ीकरण, ढलान स्थिरीकरण कार्य, कटड़ा में श्री शंकराचार्य मंदिर और संबंधित सुविधाओं का निर्माण और चैतन्य आश्रम, जम्मू में दिव्यांगजनों के लिए स्कूल शामिल हैं। बोर्ड ने गुणवत्ता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।
गांव हुड्ड में नए हेलीपैड को मंजूरी, शिवखोड़ी व कटड़ा के लिए यहीं से संचालन
बोर्ड में गांव हुट्ट में नए विकसित हेलीपैड को बोर्ड ने मंजूरी दी है। संशोधित समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने के बाद तीर्थयात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड को एक बार का वित्तीय अनुदान प्रदान करेगा। यह भी मंजूर किया गया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए दोनों श्राइनों के लिए हेली सेवाएं एक ही हेलीपैड से संचालित होंगी।
आपदा में क्षतिग्रस्त स्कूलों का नवीनीकरण
बोर्ड ने अगस्त-सितंबर 2025 की भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त रियासी और उधमपुर जिलों के 15 स्कूलों के नवीनीकरण की सामुदायिक कल्याण पहलों की सराहना की जिन्हें सिर्फ पांच महीनों में पूरा किया गया।

