Fri. Feb 13th, 2026

भारतीय टीम ने नामीबिया को चटाई धूल अब पाकिस्तान की बारी


भारत बनाम नामीबिया : सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। यूएसए के खिलाफ पहले मुकाबले में टीम इंडिया के बल्लेबाज उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हो सके थे, लेकिन नामीबिया के खिलाफ मैच में इस कमी को भी दूर कर दिया गया। टीम इंडिया ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और नामीबिया के बीच ग्रुप-ए का मुकाबला खेला गया, जिसको टीम इंडिया 93 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए थे, जिसके बाद नामीबिया की टीम टारगेट का पीछा करते हुए 18.2 ओवर्स में 116 रनों पर सिमट गई। अब टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप में अपना अगला मुकाबला 15 फरवरी को पाकिस्तान की टीम के खिलाफ कोलंबो के मैदान पर खेलना है।

वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल का दिखा गेंद से कमाल
इस मैच में टारगेट का पीछा करने उतरी नामीबिया टीम ने अपना पहला विकेट चौथे ओवर की चौथी गेंद पर जैन फ्रेलिंक के रूप में 33 के स्कोर पर गंवा दिया जो अर्शदीप सिंह का शिकार बने। यहां से लौरेन स्टीनकेंप ने एक छोर से रनों की गति की तेज रखने की कोशिश की लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें 29 के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद नामीबिया टीम के लगातार अंतराल में विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला, जिसमें 94 के स्कोर तक उन्होंने अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रूबेन ट्रंपलैन और जाने ग्रीन के बीच 7वें विकेट के लिए 17 रनों की साझेदारी देखने को मिली, जिसे जसप्रीत बुमराह ने तोड़ा। नामीबिया की टीम इस मुकाबले में 18.2 ओवर्स में 116 रन बनाकर सिमट गई। भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने तीन तो वहीं अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने 2-2 विकेट जबकि जसप्रीत बुमराह, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह ने 1-1 विकेट हासिल किया।

ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने बल्ले से मचाया तहलका
भारतीय टीम की नामीबिया के खिलाफ इस मुकाबले में बल्लेबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए जिसपर पहले मुकाबले के बाद सभी की नजरें टिकी हुई थी तो उसमें ईशान किशन और हार्दिक पांड्या का कमाल देखने को मिला। इस मैच में टीम इंडिया अभिषेक शर्मा के बिना खेलने उतरी थी, जिसमें उनकी जगह पर संजू सैमसन को शामिल किया गया था। हालांकि संजू कोई खास कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके और सिर्फ 22 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं ईशान किशन ने जरूर 24 गेंदों में 61 रनों की पारी खेलने के साथ टीम इंडिया के लिए बड़े स्कोर की नींव को रख दिया था।

कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर आउट हो गए तो तिलक वर्मा 25 रनों की पारी ही खेलने में कामयाब हो सके। इन दोनों के पवेलियन लौटने के साथ बल्लेबाजी करने उतरे हार्दिक पांड्या ने शिवम दुबे के साथ मिलकर रनों की गति को धीमे नहीं पड़ने दिया और स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। हार्दिक पांड्या के बल्ले से इस मैच में 28 गेंदों में 52 रनों की पारी देखने को मिली, जिसमें उन्होंने चार चौके और चार छक्के भी लगाए, इसके अलावा शिवम दुबे के बल्ले से 23 रनों की पारी देखने को मिली।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *