Sun. Feb 15th, 2026

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसा, तीन सीआरपीएफ जवान समेत चार की मौत


धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी-खपरी बाइपास मार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में तीन सीआरपीएफ जवान और एक चालक सहित चार लोगों की मौत हो गई। 

धमतरी पुलिस के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कोबरा बटालियन सीआरपीएफ के तीन जवानों सहित एक सिविलियन चालक की मौके पर मौत हो गई। एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे रायपुर रेफर किया गया है। 

धमतरी पुलिस ने बताया कि सीआरपीएफ की 201 कोबरा बटालियन के चार जवान होली पर्व मनाने के लिए छुट्टी पर 14 फरवरी की सुबह जगदलपुर से रायपुर की ओर कार से रवाना हुए थे। जैसे ही उनकी कार धमतरी-खपरी बाइपास के पास पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल एक जवान और कार चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली। 

मृतकों में हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, एएसआई उमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ तथा सिविलियन चालक हीरालाल नागर (निवासी पंडरिया रीवा) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी जवान 201 कोबरा बटालियन से थे। हादसे में घायल जवान अभिमान राय को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर स्थित नारायणा अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *