Tue. Feb 17th, 2026

Robert Duvall:ऑस्कर विजेता अभिनेता रॉबर्ट डुवैल का निधन, 95 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस – Robert Duvall Passed Away Oscar Winning Actor And Godfather Mainstay Dead At 95


ऑस्कर विजेता और बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता रॉबर्ट डुवैल का 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी पत्नी लुसियाना डुवैल द्वारा फेसबुक पर जारी बयान के अनुसार, हॉलीवुड के दिग्गज रॉबर्ट ने रविवार को वर्जीनिया के मिडलबर्ग स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।

लुसियाना डुवैल ने कहा, ‘दुनिया के लिए वह अकादमी पुरस्कार विजेता अभिनेता, निर्देशक और कहानीकार थे, लेकिन मेरे लिए वह सब कुछ थे।’ उन्होंने कहा कि अपने हर किरदार में डुवैल ने पूरी निष्ठा और मानवीय संवेदनाओं की सच्चाई के साथ काम किया।

किस फिल्म से शुरू किया था अभिनय का सफर?

रॉबर्ट डुवैल ने 1962 में फिल्म टू किल ए मॉकिंगबर्ड (To Kill a Mockingbird) में बू रैडली की भूमिका से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए। उन्हें सात बार अकादमी पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया और 1983 में रिलीज हुई फिल्म टेंडर मर्सीज (Tender Mercies) के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर मिला। उन्होंने चार गोल्डन ग्लोब पुरस्कार भी जीते, जिनमें 1989 की मिनीसीरीज लोनसम डव (Lonesome Dove) में भूमिका के लिए मिला सम्मान शामिल है।

द गॉडफादर फिल्म ने दिलाई बड़ी पहचान

1972 में रिलीज हुई द गॉडफादर (The Godfather) ने उन्हें हॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कलाकारों में शामिल कर दिया। निर्देशक फ्रांसिस कोपोला ने उन्हें माफिया गाथा में टॉम हेगन की भूमिका दी, जिसमें अल पचीनो और मार्लन ब्रैंडो भी प्रमुख भूमिकाओं में थे। डुवैल ने इस किरदार को सूक्ष्मता और गहराई से निभाया।

हॉलीवुड के महान अभिनेताओं में दर्ज है नाम

कोपोला की ही फिल्म अपोकैलिप्स नाउ (Apocalypse Now) में उन्होंने लेफ्टिनेंट कर्नल बिल किलगोर का प्रभावशाली किरदार निभाया, जिसका संवाद ‘I love the smell of napalm in the morning’ सिनेमा इतिहास में यादगार बन गया। 2005 में डुवैल को नेशनल मेडल ऑफ आर्ट्स से सम्मानित किया गया। लंबा और विविधतापूर्ण करियर रखने वाले डुवैल को हॉलीवुड के महान चरित्र अभिनेताओं में गिना जाता है।

अन्य वीडियो

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *