Wed. Feb 18th, 2026

बुर्के में लाई कावड़, शिवरात्रि पर किया जलाभिषेक, संभल की तमन्ना मलिक और पति अमन त्यागी को मिली धमकी – Sambhal Couple Tamanna Malik and her husband Aman Tyagi Alleges Threats After Performing Jalabhishek in Burqa on Mahashivratri lclnt


उत्तर प्रदेश के संभल जिले में महाशिवरात्रि पर बुर्का पहनकर जलाभिषेक करने वाली तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को कथित तौर पर धमकियां मिली हैं. दंपती ने इस संबंध में असमोली थाने में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है और सुरक्षा की मांग की है. बताया जा रहा है कि तमन्ना मलिक असमोली थाना क्षेत्र के बदनपुर बसेई गांव की रहने वाली हैं. हाल ही में बुर्का पहनकर कांवड़ लेकर आई थीं. इसके बाद महाशिवरात्रि के अवसर पर संभल स्थित क्षेमनाथ तीर्थ पर अपने पति अमन त्यागी के साथ बुर्का पहनकर ही जलाभिषेक किया था.

सोशल मीडिया के जरिए मिली धमकी
तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी ने असमोली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उन्हें कट्टरपंथी लोगों की ओर से जान से मारने और जिंदा जलाने की धमकियां दी जा रही हैं. उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो भी डाले गए हैं, जिनके जरिए उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है.

FIR दर्ज करने की मांग
तमन्ना मलिक ने परिवार की सुरक्षा का हवाला देते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि उन्हें और उनके परिवार को खतरा है, इसलिए सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए. फिलहाल असमोली थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

बुर्का पहनकर हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने के बाद तमन्ना ने ‘आजतक’ से बातचीत में ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच कहा कि उन्होंने भगवान से एक मनोकामना मांगी थी, जो पूरी हो गई, इसलिए उन्होंने कांवड़ लाने का संकल्प निभाया.

मनचाहा शादी की बात बताई
तमन्ना के मुताबिक उन्होंने अमन त्यागी से विवाह की इच्छा जताई थी. शादी संपन्न होने के बाद उन्होंने वचन के अनुसार कांवड़ यात्रा की. उन्होंने बताया कि पूरी यात्रा में उनके पति ने उनका साथ दिया. उनका कहना था कि महाशिवरात्रि के अवसर पर वे संभल स्थित छैमनाथ तीर्थ में जलाभिषेक करेंगी.

आस्था को व्यक्तिगत विषय बताया
बुर्का पहनकर कांवड़ उठाने को लेकर उठे सवालों पर तमन्ना ने स्पष्ट कहा कि आस्था व्यक्तिगत विषय है. उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला की इच्छा हो तो वह बुर्के में भी कांवड़ ला सकती है. अगर कोई खुद को सामाजिक बंधनों में महसूस करती है, तो वह निर्भय होकर अपने मन का मार्ग चुन सकती है. उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में प्रशासनिक सहयोग पूरी तरह नहीं मिला था, जिससे कुछ कठिनाई हुई, लेकिन बाद में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और अब उन्हें पर्याप्त संरक्षण मिल रहा है.

कांवड़ लेकर आने के बाद हुआ भव्य स्वागत
हरिद्वार से गंगाजल लेकर जब तमन्ना संभल पहुंचीं तो उनका स्वागत अलग अंदाज में हुआ. जिले की सीमा में प्रवेश करते ही बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़े. कई महिलाएं उनके साथ तस्वीरें लेने को उत्सुक दिखीं. कुछ ने सम्मान स्वरूप उनके पैर छुए और भेंट भी दी.

संभल में उनकी यात्रा के दौरान पुलिस की मौजूदगी रही और सुरक्षा घेरे में वे शिवालय की ओर बढ़ती रहीं. रास्ते भर लोगों में खासा उत्साह देखा गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें कई लोग चर्चित व्यक्तित्व की तरह देखने लगे हैं. जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान उन्होंने कुछ समय विश्रामगृह में आराम भी किया. इस दौरान भी उनसे मिलने वालों की भीड़ लगी रही. मुस्लिम समुदाय के कुछ युवक भी पारंपरिक टोपी पहने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए.

—- समाप्त —-

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *