पिछले साल अहमदाबाद में जून महीने में भीषण विमान हादसे की जांच पूरी होने की खबरों पर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने साफ कहा है कि हादसे की जांच अभी जारी है और जो भी खबरें चल रही है वो अटकलबाजी पर आधारित है। वहीं नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने साफ किया है कि एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 दुर्घटना की जांच पूरी होने संबंधी खबरें गलत और अटकलों पर आधारित हैं। मंत्रालय के अनुसार विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने स्पष्ट कहा है कि जांच अभी चल रही है और कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
यह भी पढ़ें – विमानन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पद खाली: सरकार ने संसद में दी जानकारी, बोली- सुरक्षा और कामकाज पर असर नहीं
‘सबूतों पर आधारित प्रक्रिया होती है जांच’
एएआईबी ने बताया कि विमान हादसों की जांच एक तकनीकी और सबूतों पर आधारित प्रक्रिया होती है, जिसका उद्देश्य दुर्घटना के मूल कारणों का पता लगाना और भविष्य में सुरक्षा सुधार सुनिश्चित करना है। यह जांच विमान (दुर्घटनाओं और घटनाओं की जांच) नियम, 2025 और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) के नियम अनुलग्न-13 के अनुसार की जाती है।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने यह भी कहा कि पहले जारी की गई प्रारंभिक रिपोर्ट में उस समय उपलब्ध तथ्यों की जानकारी दी गई थी। अंतिम जांच रिपोर्ट, जिसमें निष्कर्ष और सुरक्षा संबंधी सिफारिशें होंगी, जांच पूरी होने के बाद अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार प्रकाशित की जाएगी।
अनुमान लगाने वाली खबरें न चलाएं- AAIB
एएआईबी ने मीडिया संस्थानों से अपील की है कि वे संयम बरतें और समय से पहले अनुमान लगाने वाली खबरें न चलाएं। बिना पुष्टि की रिपोर्टिंग से लोगों में अनावश्यक चिंता पैदा होती है और चल रही पेशेवर जांच की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। ब्यूरो ने दोहराया कि वह पारदर्शिता, प्रक्रिया की शुचिता और विमानन सुरक्षा के उच्चतम मानकों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें – ONOE: ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव संविधान के मूल ढांचे का नहीं करता उल्लंघन’, पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई का बयान
अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान हादसा
12 जून 2025 को एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-171 अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली नागरिक और एक कनाडाई नागरिक शामिल था। जबकि हादसे वाली जगह पर मौजूद 19 अन्य स्थानीय लोग भी इस हादसे में मारे गए हैं।

