Last Updated:
Cashless treatment insurance facility in Ayurveda: अभी तक ऐलोपैथिक इलाज के लिए मिलने वाले स्वास्थ्य बीमा के कैशलेट इलाज का फायदा अब आयुर्वेद में भी लिया जा सकेगा. भारत में पहली बार आयुर्वेदिक इलाज को बीमा के तहत कवर किया जाएगा. ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद ने 32 बीमा कंपनियों के साथ एमओयू साइन कर कैशलेस आयुर्वेदिक उपचार की सुविधा शुरू की की है. पहली बार आयुष स्वास्थ्य बीमा हेल्पलाइन भी लॉन्च हुई.

अब आयुर्वेदिक इलाज होगा बीमा में कवर, एआईआईए ने किया बीमा कंपनियों से करार.
Cashless treatment insurance facility in Ayurveda: अभी तक सिर्फ ऐलोपैथिक इलाज के लिए ही बीमा कंपनियां इंश्योरेंस की सुविधा देती थीं लेकिन अब आयुर्वेद में भी कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सकेगी. ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद ने 32 बीमा कंपनियों के साथ करार किया है. मंगलवार को एआईआईए ने मरीजों को कैशलेस आयुर्वेदिक उपचार की सुविधा के लिए जनरल इंश्योरेंस काउंसिल के साथ इंश्योरेंस प्रदाता कंपनियों के साथ एमओयू साइन किया है. यह भारत में पहली बार हुआ है जब आयुर्वेदिक उपचार में बीमा की सुविधा मिलेगी.
आयुर्वेद को मुख्यधारा के स्वास्थ्य बीमा पारिस्थितिकी तंत्र से सशक्त रूप से जोड़ने की दिशा में यह एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है. इस एमओयू पर एआईआईए के निदेशक वैद्य पी के प्रजापति और जनरल इंश्योरेंस काउंसिल के निदेशक संपत कुमार सेंगर ने साइन किए. इस दौरान आयुष स्वास्थ्य बीमा पर कोर ग्रुप ऑफ एक्सपर्ट्स के अध्यक्ष प्रो. बेजोन कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे.
प्रोफेसर प्रजापति ने इस ऐतिहासिक समझौते को लेकर कहा कि अब एआईआईए जनरल इंश्योरेंस काउंसिल के अंतर्गत आने वाली सभी 32 बीमा कंपनियों के साथ एम्पैनल हो गया है, जिससे रोगियों को कैशलेस उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी. इस कदम से बहुत बड़े स्तर पर रोगियों को लाभ मिलेगा.
वहीं प्रो. बेजोन कुमार मिश्रा ने कहा कि यह देश में पहली बार हुआ है कि किसी आयुष संस्थान ने जनरल इंश्योरेंस काउंसिल के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं. एआईआईए में कैशलेस उपचार सुविधा की उपलब्धता से रोगियों की पहुंच और वहन-क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, समाज के बड़े वर्ग तक सेवाओं का विस्तार होगा, रोगियों का विश्वास मजबूत होगा और संस्थान की विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होगी. यह पहल रोगियों की संख्या में वृद्धि, सेवाओं के बेहतर उपयोग तथा संस्थागत सतत विकास में भी योगदान देगी.
हेल्पलाइन शुरू, ऐसे लें मदद
देश में पहली बार आयुष मंत्रालय द्वारा आयुष स्वास्थ्य बीमा हेल्पलाइन शुरू की गई है. इस पर आयुष स्वास्थ्य बीमा से संबंधित सभी जानकारियां ली जा सकेंगी. इसका हेल्पलाइन नंबर: 1800-11-0008 है और हेल्पलाइन पर कॉल करने का समय सभी कार्य दिवसों में सुबह 9:30 बजे से सायं 5 बजे तक है.
यह हेल्पलाइन लाभार्थियों को बीमा से संबंधित समस्याओं के समाधान में सहायता करेगी. आयुष बीमा कवरेज के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी और पात्र लाभों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करेगी.
About the Author

अमर उजाला एनसीआर में रिपोर्टिंग से करियर की शुरुआत करने वाली प्रिया गौतम ने हिंदुस्तान दिल्ली में संवाददाता का काम किया. इसके बाद Hindi.News18.com में वरिष्ठ संवाददाता के तौर पर काम कर रही हैं. हेल्थ एंड लाइफस्…और पढ़ें

