Thu. Feb 12th, 2026

Bangladesh Election 2026 Voting Live:बांग्लादेश में 299 सीटों पर मतदान खत्म, मतगणना जारी; कई जगहों पर हिंसा – Bangladesh Voting Live Updates Parliament Seat General Election Bnp Jamat Ncp And Other Political Parties News


05:06 PM, 12-Feb-2026

बांग्लादेश में 299 सीटों पर मतदान खत्म, मतगणना जारी

बांग्लादेश में 299 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान समाप्त होने के बाद ढाका में मतगणना जारी है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर 2 बजे तक करीब 48 फीसदी मतदान हुआ।

04:38 PM, 12-Feb-2026

बांंग्लादेश में चुनाव का आधिकारिक समय समाप्त, कुछ जगहों पर मतदान जारी

बांंग्लादेश में चुनाव का आधिकारिक समय समाप्त हो गया है। कुछ जगहों पर मतदान जारी होने की खबरें हैं। मुंशीगंज पोलिंग सेंटर पर कच्चे बम धमाके की खबर के बाद वोटिंग में थोड़ी देर रुकावट भी आई। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि धमाका एक हाई स्कूल में बनाए गए पोलिंग स्टेशन पर हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। चुनाव में तैनात अधिकारी मसुदुर रहमान ने इसे मामूली घटना बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस वालों को तुरंत अलर्ट किया गया, जिसके बाद मतदान कराए गए।

03:55 PM, 12-Feb-2026

पोस्टल बैलेट पर चुनाव आयोग ने क्या बताया? पोलिंग बूथ पर BNP नेता की मौत

बांग्लादेश में जारी मतदान के बीच निर्वाचन आयोग ने कहा कि चुनाव में लगे अधिकारी देशभर से 6,48,000 पोस्टल बैलेट रिसीव कर चुके हैं। हैं। स्थानीय अखबार प्रोथोम आलो के मुताबिक, बांग्लादेश चुनाव आयोग के सीनियर सेक्रेटरी अख्तर अहमद ने कहा, रिटर्निंग ऑफिसर्स के पास कुल 6,48,000 पोस्टल बैलेट पहुंचे हैं।

मतदान केंद्र पर BNP नेता की मौत, पार्टी ने जमात समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया

बांग्लादेश में चुनाव लड़ रहे 60 साल के BNP नेता मोहिबुज्जमां कोच्चि की मौत, खुलना के पोलिंग स्टेशन पर वोट डालने जाते समय हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे की है। BNP के मुताबिक, वोट देने के लिए पोलिंग स्टेशन पहुंचने के बाद मतदान केंद्र पर विरोधी जमात के सदस्यों ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दिया। इस दौरान वह नीचे गिर गए और उनके सिर में चोट लग गई। उन्हें एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक लंबे समय से दिल की बीमारी से भी जूझ रहे थे और आज मतदान के दौरान वे तनाव में भी थे।

03:25 PM, 12-Feb-2026

जीत-हार के दावों के बीच चुनाव में गड़बड़ी की भी आशंका


बांग्लादेश में चुनाव पर प्रतिक्रियाएं
– फोटो : एएनआई

बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच, जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार खालिदोज जमान ने कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान में अनियमितताओं का आरोप लगाया। जमान बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, हालात अच्छे नहीं हैं क्योंकि मतदानकर्मी दलों के किसी प्रतिनिधि की गैरमौजूदगी में एक अलग कमरे में कागजात सील कर रहे हैं। यह बेहद निराशाजनक है और कई जगहों पर हो रहा है। हमें उम्मीद थी कि जमात-ए-इस्लामी चुनाव जीतेगी, लेकिन अगर ऐसा ही चलता रहा तो हम निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद कैसे रख सकते हैं?

नतीजों की घोषणा के बाद संसद सत्र चलने की उम्मीद

दूसरी तरफ बीएनपी सरकार के कार्यकाल में मंत्री रहीं सरवरी रहमान ने चुनावी प्रक्रिया की सराहना की। सकारात्मक परिणाम की उम्मीद जताते हुए वोट डालने के बाद रहमान ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, सब कुछ बहुत अच्छे और व्यवस्थित ढंग से हो रहा है। महिलाएं स्वतंत्र रूप से मतदान कर रही हैं… मुझे बहुत खुशी हो रही है। इतने वर्षों बाद आखिरकार सही तरीके से चुनाव हो रहे हैं। उम्मीद है कि चुनाव के बाद सब कुछ ठीक हो जाएगा। नतीजों की घोषणा के बाद संसद का सत्र भी चलेगा।

03:02 PM, 12-Feb-2026

यूरोपीय संघ ने चुनाव की तारीफ की

ईयू चुनाव पर्यवेक्षण मिशन के प्रमुख इवार्स इजैब्स ने बांग्लादेश के चुनाव को लोकतंत्र के लिए बड़ा दिन बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव “सक्रिय, भरोसेमंद और विश्वसनीय” होने की उम्मीद है। 394 अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक और 197 विदेशी पत्रकार इस चुनाव की निगरानी कर रहे हैं, जो 2024 की तुलना में दोगुना है। प्रारंभिक रिपोर्ट 14 फरवरी को जारी की जाएगी।

 

03:00 PM, 12-Feb-2026

तारीक रहमान का वादा- भ्रष्टाचार खत्म करेंगे

 

इस चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और बीएनपी नेता तारीक रहमान ने कहा कि उनकी पार्टी जीतने पर देश में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। उनका वादा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाकर बांग्लादेश को नई, साफ राजनीति की राह पर लाया जाएगा।

01:09 PM, 12-Feb-2026

दोपहर तक 32.88% मतदान, किसी भी केंद्र पर मतदान नहीं रुका

बांग्लादेश में जारी आम चुनाव के दौरान दोपहर 12 बजे तक 32.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। यह जानकारी चुनाव आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने दी। उन्होंने राजधानी ढाका स्थित चुनाव आयोग मुख्यालय में मीडिया को बताया कि दोपहर तक देशभर के 32,789 मतदान केंद्रों से यह आंकड़ा मिला है, जो कुल केंद्रों का लगभग 77 प्रतिशत है। देशभर में कुल 42,651 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, अब तक किसी भी मतदान केंद्र से मतदान रुकने या किसी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोग ने उम्मीद जताई है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी हो सकती है।

12:32 PM, 12-Feb-2026

मोहम्मद यूनुस ने किया मतदान

बांग्लादेश में 2026 के चुनाव के दौरान अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने ढाका के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए इस दिन को देश के लिए ऐतिहासिक बताया। यूनुस ने कहा कि आज से हमें हर कदम पर एक नया बांग्लादेश बनाने का अवसर मिला है। उन्होंने इसे अपने जीवन का और पूरे देश के लिए एक बड़ा दिन बताया। उन्होंने आगे कहा कि यह हमारे बुरे दौर के अंत और एक नए अध्याय की शुरुआत है। यूनुस ने इस जनमत संग्रह को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह प्रक्रिया देश की दिशा बदल सकती है और भविष्य को नई राह दे सकती है। 

12:21 PM, 12-Feb-2026

गोपालगंज सदर मतदान स्थल पर विस्फोट होने से तीन लोग घायल

बांग्लादेश के गोपालगंज सदर उपजिला में चुनाव के दौरान मतदान स्थल पर विस्फोट होने से तीन लोग घायल हो गए। यह घटना रेश्मा इंटरनेशनल स्कूल पोलिंग स्टेशन पर हुई, जहां एक कॉकटेल-टाइप विस्फोटक नहर के पार से फेंका गया। पुलिस के सब-इंस्पेक्टर जाहिदुल इस्लाम ने बताया कि विस्फोट से पहले मतदान शांतिपूर्ण चल रहा था। विस्फोट में दो अंसार अर्धसैनिक जवान और 14 वर्षीय अमेना खानम घायल हो गए, जो किसी मतदाता के साथ थीं। विस्फोट से पोलिंग स्टेशन का मुख्य गेट क्षतिग्रस्त हो गया और वहां भीड़ में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं।

11:30 AM, 12-Feb-2026

सुबह 11 बजे तक बांग्लादेश में करीब 15 प्रतिशत मतदान

Akhon TV की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के चुनाव आयोग ने बताया कि 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में सुबह 11 बजे (BDT) तक देश भर के 32,000 पोलिंग सेंटर्स पर 14.96% वोट डाले गए।



Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *