Sun. Feb 15th, 2026

Bihar Special Trains: कहां हैं 12000 स्पेशल ट्रेनें, बिहार के लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ क्यों? राहुल गांधी ने केंद्र पर बोला हमला


नई दिल्ली. कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने त्योहारों के दौरान 12,000 विशेष रेलगाड़ियां चलाने के नाम पर झूठ बोलकर बिहार और राज्य के लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है. पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि ‘फेल डबल इंजन सरकार’ के दावे खोखले साबित हुए हैं. उन्होंने यह सवाल भी किया कि ‘12,000 स्पेशल ट्रेन’ कहां हैं?

रेल मंत्रालय ने एक अक्टूबर से 30 नवंबर 2025 तक निर्धारित 12,011 रेल यात्राओं (रेलगाड़ियों के फेरों) की सूची पिछले दिनों जारी की थी. इसमें बताया गया था कि त्योहारों के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए देश के विभिन्न स्थानों से प्रतिदिन औसतन 196 विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं. अब तक एक दिन में संचालित विशेष रेलगाड़ियों की सबसे अधिक संख्या 18 अक्टूबर को लगभग 280 थी, जबकि सबसे कम आठ अक्टूबर को लगभग 166 थी.

राहुल ने कुछ रेलगाड़ियों में यात्रियों की भीड़ से जुड़े वीडियो साझा करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘त्योहारों का महीना है – दिवाली, भाईदूज, छठ. बिहार में इन त्योहारों का मतलब सिर्फ आस्था नहीं, घर लौटने की लालसा है – मिट्टी की खुशबू, परिवार का स्नेह, गांव का अपनापन. लेकिन यह लालसा अब एक संघर्ष बन चुकी है.’

उन्होंने कहा, “बिहार जाने वाली ट्रेनें ठसाठस भरी हैं, टिकट मिलना असंभव है और सफर अमानवीय हो गया है. कई ट्रेनों में क्षमता से 200 प्रतिशत तक यात्री सवार हैं – लोग (यात्री) दरवाजों और छतों तक पर लटक कर सफर कर रहे हैं.” उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ‘फेल डबल इंजन सरकार’ के दावे खोखले हैं.

कांग्रेस नेता ने सवाल किया, ‘कहां हैं 12,000 स्पेशल ट्रेनें? क्यों हालात हर साल और बदतर ही होते जाते हैं. क्यों बिहार के लोग हर साल ऐसे अपमानजनक हालात में घर लौटने को मजबूर हैं?’ राहुल गांधी ने कहा कि अगर राज्य में रोजगार और सम्मानजनक जीवन मिलता, तो उन्हें हज़ारों किलोमीटर दूर भटकना नहीं पड़ता. उन्होंने दावा किया, ‘ये सिर्फ मजबूर यात्री नहीं, राजग की धोखेबाज नीतियों और नियत का जीता-जागता सबूत हैं.’ उन्होंने कहा कि यात्रा सुरक्षित और सम्मानजनक हो यह अधिकार है, कोई एहसान नहीं.

राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘छठ लोक आस्था का सबसे बड़ा पर्व है. यह पर्व बिहार और बिहारवासियों के लिए बेहद खास होता है. उस वक्त यह सुनकर बहुत राहत हुई, जब प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री ने घोषणा की कि 12,000 ट्रेनों के माध्यम से लोगों को उनके घर तक पहुंचाया जाएगा, लेकिन सिर्फ 1,500 ट्रेनें चलाई गईं.’

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने चुनाव के समय, वोट लेने के लिए यह झूठ बोला और लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया. सिंह ने कहा, ‘यह कोई पहला मामला नहीं है. (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी बिहार और राज्य की जनता के साथ कई बार विश्वासघात कर चुके हैं. यही काम प्रधानमंत्री मोदी के साथी नीतीश कुमार भी कर रहे हैं.’

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *