नई दिल्ली (CBSE Board Exam 2026 Date). सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से देशभर में और विदेशों के केंद्रों पर एक साथ शुरू हो रही हैं. इस साल लगभग 46 लाख स्टूडेंट्स सीबीएसई बोर्ड परीक्षा देंगे. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने स्पष्ट कर दिया है कि टाइम मैनेजमेंट को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा. सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 सुबह 10:30 बजे शुरू होगी. छात्रों को सुबह 10:00 बजे तक ही एंट्री दी जाएगी.
CBSE बोर्ड परीक्षा 2026 टाइमिंग और गाइडलाइंस
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल हो रहे स्टूडेंट्स को टाइमिंग और अन्य गाइडलाइंस का पालन करना चाहिए. 2 मिनट की भी देरी आपको परीक्षा केंद्र में एंट्री से रोक सकती है.
सीबीएसई परीक्षा केंद्र में कितने बजे तक एंट्री मिलेगी?
सीबीएसई परीक्षा केंद्र पर सुबह 9:00 बजे से एंट्री मिलेगी. बोर्ड ने साफ कर दिया है कि सुबह 10:00 बजे (IST) गेट बंद कर दिए जाएंगे. स्टूडेंट्स को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी जाती है. इससे एडमिट कार्ड चेक करवाने और कमरा ढूंढने में कोई अफरा-तफरी नहीं होगी.
काम आएगा 15 मिनट का रीडिंग टाइम
सुबह 10:15 बजे सीबीएसई प्रश्न पत्र बांटे जाएंगे. अगले 15 मिनट यानी 10:30 बजे तक स्टूडेंट्स केवल प्रश्न पत्र पढ़ सकेंगे. इस दौरान उत्तर लिखने की अनुमति नहीं मिलेगी. यह समय प्रश्न पढ़ने और उत्तर लिखने की स्ट्रैटेजी बनाने के लिए दिया जाता है.
बेल शेड्यूल (Bell Schedule) की पूरी जानकारी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने एक स्टैंडर्ड Bell सिस्टम तैयार किया है, जिससे स्टूडेंट्स बार-बार घड़ी देखने में समय बर्बाद न करें:
- लंबी घंटी (सुबह 10:30 बजे): यह आधिकारिक तौर पर लिखने की शुरुआत का इशारा है.
- सिंगल घंटी (हर 1 घंटे बाद): परीक्षा के दौरान हर एक घंटा पूरा होने पर एक छोटी घंटी बजेगी.
- वॉर्निंग बेल (10 मिनट पहले): परीक्षा खत्म होने से ठीक 10 मिनट पहले एक चेतावनी घंटी बजेगी, जिससे स्टूडेंट्स रैप अप कर सकें.
- लंबी घंटी (समाप्ति): परीक्षा खत्म होने का संकेत, जिसके बाद लिखने का मौका नहीं मिलेगा.
सीबीएसई परीक्षा ड्रेस कोड गाइडलाइंस
सीबीएसई के नियमित छात्रों (Regular Students) को अपने स्कूल की यूनिफॉर्म में ही आना अनिवार्य है. प्राइवेट छात्रों को हल्के रंग के साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. ट्रांसपेरेंट पाउच में एडमिट कार्ड, पेन, पेंसिल और पानी की पारदर्शी बोतल ही अंदर ले जाने की अनुमति है.
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा केंद्र में क्या लेकर नहीं जा सकते हैं?
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की मनाही है. अगर कोई स्टूडेंट इन चीजों के साथ पकड़ा जाता है तो उसे ‘अनफेयर मीन्स’ (UFM) के तहत परीक्षा से वंचित किया जा सकता है.

