Wed. Feb 11th, 2026

Epstein Case:एपस्टीन से मुलाकात पर अमेरिकी वाणिज्य मंत्री का कबूलनामा, बोले- सजा के बाद भी दो बार मिले – Howard Lutnick Us Commerce Secretary Over Epstein Meetings At Senate Hearing Questioning


अमेरिका की राजनीति में एक बार फिर जेफ्री एपस्टीन से जुड़े रिश्तों को लेकर हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लट्निक ने सीनेट की सुनवाई में स्वीकार किया कि उन्होंने एपस्टीन से 2008 की सजा के बाद भी दो बार मुलाकात की थी। यह बयान उनके पहले के दावे से अलग है, जिसमें उन्होंने कहा था कि 2005 के बाद उन्होंने एपस्टीन से दूरी बना ली थी। नए खुलासे के बाद कई सांसदों ने उनके इस्तीफे की मांग तेज कर दी है।

यह अंतर सीनेट एप्रोप्रिएशंस कमेटी की सबकमेटी की सुनवाई के दौरान सामने आया। डेमोक्रेट सांसदों के सवालों के जवाब में लट्निक ने माना कि 2008 में नाबालिग से देह व्यापार मांगने के मामले में सजा पाए एपस्टीन से उन्होंने बाद के वर्षों में भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता बहुत सीमित था और संपर्क केवल कुछ ईमेल और दो मुलाकातों तक ही रहा।

सुनवाई में क्या बोले अमेरिकी वाणिज्य मंत्री?


  • अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लट्निक ने सुनवाई में कहा कि उनका जेफ्री एपस्टीन के साथ कोई गहरा रिश्ता नहीं था।

  • उन्होंने बताया कि उनका संपर्क बहुत सीमित था और मुश्किल से ही बातचीत या मेलजोल हुआ।

  • लट्निक के अनुसार संपर्क केवल कुछ ईमेल और दो मुलाकातों तक सीमित रहा।

  • उन्होंने स्वीकार किया कि 2011 में एपस्टीन के घर पर करीब एक घंटे की मुलाकात हुई थी।

  • उन्होंने यह भी माना कि 2012 में एपस्टीन के निजी द्वीप पर परिवार के साथ लंच किया था।

  • यह स्वीकारोक्ति उनके पुराने सार्वजनिक बयान से अलग है, जिसमें दूरी बनाने की बात कही गई थी।


पुराने बयान से टकराए नए तथ्य


इससे पहले एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में लट्निक ने कहा था कि 2005 में एपस्टीन के घर जाने के बाद वह इतने परेशान हुए कि उन्होंने तय कर लिया था कि दोबारा कभी उनके साथ एक कमरे में भी नहीं बैठेंगे। अब केस फाइल और ईमेल सामने आने के बाद यह दावा गलत साबित होता दिख रहा है। इसी विरोधाभास को लेकर विपक्षी सांसदों ने उन पर देश और कांग्रेस को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

इस्तीफे की मांग क्यों उठी?

कई सांसदों ने कहा है कि मामला केवल मुलाकात का नहीं बल्कि गलत जानकारी देने का है। सीनेटर क्रिस वैन हॉलन ने सुनवाई में कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं है कि लट्निक ने खुद कोई गलत काम किया, लेकिन उनके पुराने बयान भ्रामक थे। उनका कहना था कि असली चिंता यह है कि क्या देश और संसद को गलत जानकारी दी गई। इसी आधार पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

दोनों दलों के नेताओं का दबाव

रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने भी ईमेल सामने आने के बाद लट्निक के इस्तीफे की मांग की है। डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना ने भी कैबिनेट से हटाने की बात कही। उनका कहना है कि यह किसी एक व्यक्ति का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह तय करने का समय है कि क्या ताकतवर लोगों को ऐसे मामलों में छूट मिलती रहेगी। एपस्टीन नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के गंभीर आरोपों में घिरा रहा था।

एपस्टीन फाइल्स से बढ़ा दबाव

एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के सार्वजनिक होने के बाद कई देशों में राजनीतिक असर दिखा है। यूनाइटेड किंगडम जैसे देशों में इससे जुड़े मामलों में पद छोड़ने और विशेषाधिकार वापस लेने जैसे कदम उठे हैं। अमेरिका में अब तक उस स्तर की कार्रवाई नहीं दिखी है, लेकिन दबाव बढ़ रहा है। लट्निक, जो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कैबिनेट के सदस्य हैं, इस मामले में सबसे बड़े पद वाले अधिकारी माने जा रहे हैं जिन पर सीधे इस्तीफे की मांग उठी है।

अन्य वीडियो-



Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *