07:23 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: भारत के 50 रन पूरे
भारत ने पांचवें ओवर में एक विकेट पर 50 रन पूरे कर लिए हैं। ईशान किशन और तिलक वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 30 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। पांच ओवर के बाद स्कोर एक विकेट पर 58 रन है।
07:11 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: भारत को पहला झटका
भारत को पहला झटका बेन शिकोंगो ने दिया। उन्होंने संजू सैमसन को कैच आउट कराया। वह 8 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब ईशान किशन का साथ देने तिलक वर्मा आए हैं।
07:04 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: भारत की पारी शुरू
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। संजू सैमसन और ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं।
06:39 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत: संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
नामीबिया: लॉरेन स्टीनकैंप, यान फ्रिलिंक, यान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरेस्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मालन क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो, मैक्स हेइंगो।
06:33 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: नामीबिया ने जीता टॉस, गेंदबाजी चुनी
नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि इस मैच में टीम इंडिया दो बदलावों के साथ उतरी है। अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं। इसलिए वह इस मैच में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिला है। वहीं, मोहम्मद सिराज की जगह जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है।
06:16 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: ईशान किशन को भी लगी चोट
हालांकि, समस्या ईशान के साथ भी है। बुधवार को ईशान किशन को ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन के दौरान जसप्रीत बुमराह की तेज यॉर्कर लगने से पैर के अंगूठे में चोट लग गई। ईशान किशन नेट्स में सबसे पहले पैड पहनकर आए थे, लेकिन अपने सेशन की शुरुआत में ही, बुमराह की एक यॉर्कर उनके बाएं पैर में लगी, जिससे उन्हें बहुत दर्द हुआ। इसके बाद सपोर्ट स्टाफ ने उनका बायां पैड और जूता खोला। ईशान दर्द में नजर आ रहे थे। इस बीच फिजियो के आकलन के दौरान बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने भी उनकी चोट को जांचा। कुछ मिनट बाद, किशन ने नंगे पैर चलने की कोशिश की, लेकिन वह लंगड़ा रहे थे। हालांकि, वह ऐसे संकेत दे रहे थे कि चोट उतनी गंभीर नहीं थी जितनी शुरू में डर था। पांच मिनट के अंदर, किशन ने अपना जूता वापस पहना, फिर से पैड पहने और कुछ गेंदों का सामना करने के लिए वापस आए। वह थोड़ा असहज दिखे और फिर एक बार बाहर निकले और एक स्टाफ मेंबर के साथ ड्रेसिंग रूम में वापस चले गए। यह स्पष्ट नहीं था कि उन्होंने एहतियातन नेट्स जल्दी छोड़ दिया या बस टीम के साथी संजू सैमसन को बैटिंग का समय दे दिया।
05:38 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: अभिषेक के पेट में संक्रमण की समस्या
भारत के लिए पेट के संक्रमण और वायरल बुखार के कारण अभिषेक का अस्पताल में भर्ती होना चिंताजनक था। हालांकि, अब उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। पर ठीक होने के तुरंत बाद खिलाने का जोखिम टीम मैनेजमेंट नहीं उठाना चाहेगा। पर हम सब अभिषेक के जुझारूपन से भलीभांति वाकिफ हैं। वह एक फाइटर खिलाड़ी माने जाते हैं जो चुनौतियों से नहीं डरते। ऐसे में वह मैनेजमेंट को मनाकर मैदान पर उतर जाएं तो हमें आश्चर्य नहीं होगा। हालांकि, रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मैच से पहले उन्हें पूरी तरह से ठीक होने का मौका देने के लिए मैदान पर उतारना उचित नहीं होगा, क्योंकि उस मैच में अभिषेक की मौजूदगी विपक्षी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती साबित होगी। नामीबिया के खिलाफ मैच खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन के लिए लय में लौटने का एक सुनहरा मौका साबित हो सकता है, क्योंकि लगातार असफलताओं के चलते उन्हें अपनी जगह ईशान किशन के हाथों गंवानी पड़ी, जो इस समय शानदार फॉर्म में हैं।
05:04 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: नामीबिया के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी
नामीबिया के खिलाफ भारत का पलड़ा बहुत भारी है जिसकी टीम इसी मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। इस तरह से देखा जाए तो भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले यह मैच अभ्यास मैच की तरह है। भारत अगर टॉस जीतता है तो वह पहले बल्लेबाजी करना चाहेगा ताकि उसके बल्लेबाजों को पर्याप्त अवसर मिल सके। नामीबिया का गेंदबाजी आक्रमण खास नहीं है और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रही कोई भी टीम उसको छठी का दूध याद दिला सकती है।
05:02 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: टीम प्रबंधन की चिंताएं बढ़ीं
मौजूदा चैंपियन भारत को गुरुवार को दिल्ली में होने वाले टी20 विश्व कप मैच में नामीबिया से किसी तरह का खतरा नहीं है, लेकिन सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पेट के संक्रमण और ईशान किशन को अभ्यास सत्र में लगी चोट के कारण मुख्य कोच गौतम गंभीर सहित टीम प्रबंधन चिंतित होगा, क्योंकि इससे उनकी योजनाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में वानखेड़े की चिपचिपी पिच पर बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। अब उन्हें अरुण जेटली स्टेडियम की पिच पर आक्रामक खेल दिखाना चाहेगा, जिसे बल्लेबाजी के लिए बेहतरीन पिच कहा जा सकता है।
04:57 PM, 12-Feb-2026
IND vs NAM Live Score: 20 गेंदों में ईशान का तूफानी पचासा, तिलक के साथ 60+ रन की साझेदारी; स्कोर 80 के पार
Live Cricket Score (IND vs NAM) India vs Namibia T20 World Cup 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और नामीबिया के बीच टी20 विश्व कप 2026 का 18वां मैच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम पहले ही अमेरिका के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत कर चुकी है। अब उसकी नजर अपने दूसरे मुकाबले में भी जीत दर्ज करने पर होंगी।

