शिवम दुबे की शानदार बल्लेबाजी के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाजी के दम पर भारत ने नीदरलैंड को 17 रनों से हराया। गत चैंपियन भारतीय टीम ने इस तरह ग्रुप चरण का अंत अजेय रहते हुए किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 193 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम निर्धारित ओवर में सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी। भारत ने टी20 विश्व कप में लगातार 12वीं जीत दर्ज की। टूर्नामेंट में भारत 2024 से ही अजेय बना हुआ है।
ग्रुप ए में शीर्ष पर रहा भारत
ग्रुप ए से भारत और पाकिस्तान ने अगले दौर के लिए क्वालिफाई किया है। भारत ने अपने चारों मैच जीते, जबकि पाकिस्तान चार में से तीन जीत और एक हार के साथ छह अंक लेने में सफल रही। वहीं, अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया का सफर शुरुआती दौर में ही थम गया। नामीबिया ने अपने चारों मैच गंवाए। भारतीय टीम ग्रुप में शीर्ष पर रही।
भारत ने छोड़े कई कैच
भारतीय टीम भले ही मैच जीतने में सफल रही, लेकिन उसकी फील्डिंग एक बार फिर खराब रही। भारत के लिए नीदरलैंड के खिलाफ मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने कैच छोड़े। इतना ही नहीं, बल्लेबाजी में भी टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और एक बार फिर बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। शिवम दुबे ने हालांकि, शानदार बल्लेबाजी की जिस कारण टीम चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दे सकी।
वरुण की फिरकी में उलझे नीदरलैंड के बल्लेबाज
शिवम दुबे के तूफानी अर्धशतक के बाद वरुण चक्रवर्ती के फिरकी के जादू से भारत ने नीदरलैंड को हराया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे नीदरलैंड ने धीमी शुरुआत करते हुए पावरप्ले में एक विकेट पर 36 रन बनाए। टीम ने मैक्स ओडौउड (20) का विकेट गंवाया जिन्हें वरुण चक्रवर्ती ने छठे ओवर में बोल्ड किया। सलामी बल्लेबाज माइकल लेविट (24) ने पांड्या का स्वागत एक्सट्रा कवर पर चौके के साथ किया लेकिन इसी ओवर में डीप मिडविकेट बाउंड्री पर वॉशिंगटन सुंदर को कैच दे बैठे। कॉलिन एकरमैन (23) ने भी पैंड्या पर छक्का मारा जबकि बास डि लीडे ने भी इस तेज गेंदबाज पर चौका जड़ा। नीदरलैंड की ओर से बास डि लीडे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। नोह क्रोस (12 गेंद में नाबाद 25 रन) तथा जैक लियोन कैशे (16 गेंद में 26 रन) ने सातवें विकेट के लिए 23 गेंद में 47 रन की साझेदारी की लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। भारत की ओर से वरुण ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली।

