मध्य प्रदेश के रीवा जिले में तेज रफ्तार ऑडी कार की लापरवाही से एक दर्दनाक हादसा हो गया. शादी का निमंत्रण बांटने निकले बाइक सवार तीन लोगों को ऑडी कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया.
दरअसल, यह भीषण दुर्घटना रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर कोष्टा गांव के पास हुई. बताया जा रहा है कि तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार थे और शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे. तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ऑडी कार ने तीनों बाइक सवार को कुचल दिया.
यह भी पढ़ें: एक्ट्रेस से आध्यात्मिक गुरु बनी रीवा की राजकुमारी? शादी के बाद छोड़ी इंडस्ट्री, 2 बच्चों की मां बन बदली जिंदगी
बाप-बेटे और एक रिश्तेदार की मौत
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रीवा जिले के चचाई निवासी भागवत विश्वकर्मा, उनके छोटे बेटे राहुल और एक अन्य परिजन के रूप में हुई है. थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि भागवत विश्वकर्मा के बड़े बेटे की शादी 24 फरवरी को तय थी. इसी खुशी में भागवत अपने छोटे बेटे राहुल के साथ शादी का निमंत्रण देने निकले थे.
वे जिउला मोड़ के पास एक रिश्तेदार को कार्ड देने के बाद आगे अन्य परिजनों को आमंत्रण देने जा रहे थे. इसी दौरान रायपुर कर्चुलियान की ओर से आ रही तेज रफ्तार ऑडी कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण कि उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. इस हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं.
कार चालक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने हादसे के बाद ऑडी कार चालक को हिरासत में ले लिया है. कार को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक नतीजों को सामने ला दिया है.
—- समाप्त —-

