आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 (भारत और श्रीलंका की मेजबानी में) की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है। इससे पहले टीमें वॉर्म-अप मुकाबलों के ज़रिए अपनी तैयारियों को परख रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार, 2 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में इंडिया ए और अमेरिका के बीच अभ्यास मैच खेला गया, जिसमें इंडिया ए ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका को 38 रनों से मात दी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। प्रियांश आर्य और नारायण जगदीशन ने पावरप्ले में अमेरिकी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। प्रियांश आर्य ने महज 13 गेंदों में 28 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वहीं नारायण जगदीशन ने पारी को शानदार तरीके से संभालते हुए 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
इंजरी के बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने भी प्रभावशाली बल्लेबाजी की। उन्होंने 24 गेंदों पर 38 रन बनाए और जगदीशन के साथ 113 रनों की अहम साझेदारी निभाई। जगदीशन 55 गेंदों में 104 रन बनाकर आउट हुए, उनकी पारी में 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
पारी के अंतिम ओवरों में कप्तान आयुष बडोनी ने ताबड़तोड़ अंदाज़ अपनाया। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इंडिया ए ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 238 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम की ओर से संजय कृष्णमूर्ति ने सबसे ज्यादा संघर्ष दिखाया। उन्होंने 18 गेंदों में 41 रन की तेज पारी खेली। शुभम रंजने ने 28 रन बनाए, जबकि हरमीत सिंह ने 9 गेंदों में 25 रन जोड़कर मैच को रोमांचक बनाने की कोशिश की। हालांकि अमेरिका की टीम 20 ओवर में 200 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने तीन विकेट झटके, जबकि खलील अहमद और नमन धीर को दो-दो सफलता मिली। आखिरी ओवर में दो विकेट लेकर नमन धीर ने अमेरिका की पारी का अंत किया।

