सुकमा। जिले के थाना गादीरास क्षेत्र के ग्राम कुचारास में जादू-टोने के संदेह में चार लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को जंगल में दफना दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 9 दिन बाद शव बरामद कर हत्या के चार आरोपिताें काे गिरफ्तार कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हत्यारोपित कोसा सोड़ी, हुंगा सोड़ी, नंदलाल करटामी और दुला सोड़ी सभी निवासी ग्राम कुचारास के निवासी हैं। सभी को गिरफ्तार कर मामले में धारा 103(1), 61, 238, 3(5) बीएनएस और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
जिसके उपरांत आज न्यायिक रिमांड पर रवाना कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक के भाई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई 23 जनवरी 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। शिकायत के बाद गादीरास पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
सुकमा एसडीओपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि गांव के ही कुछ लोगों के साथ जादू-टोने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपितों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर गांव में दबिश देकर चार आरोपितों काे गिरफ्तार कर क्राइम सीन यूनिट और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में दफनाए गए शव को बाहर निकाला गया।
शव की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने आमजन से अपील की है कि वे अंधविश्वास और जादू-टोना जैसी सामाजिक कुरीतियों के झांसे में न आएं। यदि इस प्रकार की कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद सामने आता है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

