Last Updated:
गुरुग्राम में नगर निगम ने एनजीटी के आदेश पर सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर बहुत मोटा फाइन लगाया है. अगर कोई व्यक्ति सड़क या खुले में कचरा फेंकता पाया गया तो उसको 5 हजार रुपये का मोटा जुर्माना भरना पड़ेगा, वहीं संस्थानों पर यह जुर्माना और भी मोटा है.

सड़कों, नालों या गलियों में कूड़ा फेंकने वालों पर अब गुरुग्राम नगर निगम मोटा जुर्माना लगा रहा है.
दिल्ली-एनसीआर के सबसे तेजी से बढ़ने वाले और साइबर सिटी के नाम से मशहूर गुरुग्राम को साफ रखने के लिए अब बड़ा कदम उठाया गया है. शहर में सड़कों या खुले नालों में कूड़ा-कचरा फेंकने वालों को पकड़े जाने पर मोटा जुर्माना देना पड़ेगा. फाइन की राशि भी इतनी ज्यादा है कि इसे भरने में लोगों के पसीने छूट जाएंगे. ऐसे में बेहतर होगा कि लोग नियमों का पालन करें और जेब ढीली होने से बचाएं.
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के 26 जुलाई 2024 के आदेश को गुरुग्राम में अब नगर निगम ने लागू कर दिया है. एनजीटी ने हरियाणा राज्य में सार्वजनिक स्थानों पर ठोस कचरा फेंकने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए थे. एनजीटी ने कहा था कि अनियंत्रित रूप से कूड़ा फेंकना पर्यावरण के लिए नुकसानदेह है. इससे जल और वायु सभी प्रभावित होते हैं.
नगर निगम गुरुग्राम ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों पर मोटे जुर्माने का प्रावधान किया है. जारी निर्देशों के अनुसार बल्क वेस्ट जनरेटर, संस्थान या एजेंसियों पर पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर 25 हजार रुपये और दूसरी बार उल्लंघन करने पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा.
वहीं सामान्य कूड़ा फेंकले वाले लोगों पर पहली बार ऐसा करने पर 5 हजार रुपये का मोटा जुर्माना लगेगा, जबकि दूसरी बार नियमों का उल्लंघन करने पर 10 हजार रुपये का फाइन देना होगा.
नहीं भरा जुर्माना तो होगी राजस्व वसूली
नगर निगम की ओर से बताया गया कि अगर दोषी व्यक्ति या संस्था जुर्माना जमा नहीं करती है तो यह राशि भूमि राजस्व बकाया की तरह कानून के तहत वसूली जाएगी. वसूला गया जुर्माना शहर में ठोस कचरा प्रबंधन में खर्च किया जाएगा.नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे कूड़ा पहले से तय कूड़ा घरों में ही डालें. रेजिडेंट्स डोर टू डोर कलेक्शन सेवा का उपयोग करें और शहर को साफ बनाए रखने में मदद करें.
About the Author

अमर उजाला एनसीआर में रिपोर्टिंग से करियर की शुरुआत करने वाली प्रिया गौतम ने हिंदुस्तान दिल्ली में संवाददाता का काम किया. इसके बाद Hindi.News18.com में वरिष्ठ संवाददाता के तौर पर काम कर रही हैं. हेल्थ एंड लाइफस्…और पढ़ें

